बुरहानपुर के इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में भीषण आग, 12 दमकलों ने 3 घंटे में पाया काबू, लाखों का सामान जलकर राख

Burhanpur Fire News : बुरहानपुर के मंडी बाजार में सुपर टीवी इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में भीषण आग लग गई। 12 दमकलों ने तीन घंटे में आग पर काबू पाया। हादसे में लाखों का सामान जला, युवक को सुरक्षित बचाया गया।
burhanpur fire incident
बुरहानपुर में इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी आगफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • बुरहानपुर के मंडी बाजार स्थित सुपर टीवी शोरूम में भीषण आग।

  • 12 दमकल वाहनों ने करीब तीन घंटे तक चलाया आग बुझाने का अभियान।

  • आवास में फंसे युवक को पुलिस और स्थानीय लोगों ने सुरक्षित निकाला।

Burhanpur Electronic Showroom Fire : बुरहानपुर शहर के मंडी बाजार में बीती रात एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में भीषण अग्निकांड हो गया। सुपर टीवी इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। शोरूम से उठती आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा तफरी मच गई।

आग की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 12 दमकल वाहनों की मदद से लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात 3 बजे आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

आग की लपटों से दहला मंडी बाजार

मंडी बाजार स्थित सुपर टीवी इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में रात अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के दुकानदारों और रहवासियों में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस और बुरहानपुर नगर निगम की टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

चार जगहों से बुलानी पड़ीं दमकल गाड़ियां

आग की भयावहता को देखते हुए शुरुआती प्रयास पर्याप्त नहीं रहे। इसके बाद बुरहानपुर के अलावा शाहपुर, नेपानगर और टेक्समो पाइप फैक्ट्री से भी दमकल वाहन बुलाए गए। कुल 12 दमकल वाहनों ने आग बुझाने के अभियान में हिस्सा लिया। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 3 बजे आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

आवास में फंसे युवक का किया रेस्क्यू

आग के दौरान शोरूम के ऊपर बने आवास में एक युवक फंस गया था। दुकान मालिक का परिवार समय रहते बाहर निकल आया था, लेकिन युवक अंदर ही रह गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जवानों, नगर निगम के कर्मचारियों और स्थानीय रहवासियों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते हुए इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

लाखों का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक

आग बुझने तक शोरूम में रखा टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो चुका था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक नुकसान लाखों रुपये का है, हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन किया जाना बाकी है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना के कारणों की जानकारी जुटा रहे हैं।

burhanpur fire incident
BJP सांसद जनार्दन मिश्रा का विवादित बयान, कहा- साल में सिर्फ 3 महीने मेहनत और 9 महीने नशा करते हैं किसान

अग्निशमन व्यवस्था पर उठे सवाल

बुरहानपुर में आग की घटना के दौरान कई निकायों और निजी संस्थान से दमकल वाहन बुलाने पड़े। इस स्थिति के बाद शहर में अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता और आपातकालीन तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मौके पर पहुंचे पार्षद नोमान ने भी व्यवस्थाओं को लेकर अपनी बात रखी। अग्निकांड ने एक बार फिर व्यस्त बाजारों में आग से निपटने की तैयारी और पर्याप्त दमकल संसाधनों की जरूरत को सामने ला दिया है।