

Highlights:
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी से जुड़ा मामला।
मंत्री विजय शाह की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आगे बढ़ी।
विजय शाह ने एमपी हाईकोर्ट द्वारा दिए गए FIR के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में दी है चुनौती।
राज्यपाल ने मंत्री के खिलाफ अभियोजन को मंजूरी देने से किया है इनकार।
कोर्ट ने कहा- पीड़ित या प्रभावित व्यक्ति राज्यपाल के फैसले को दे सकता है चुनौती।
Vijay Shah Supreme Court Petition Hearing : ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले मध्य प्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह की मुश्किलें फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं। SC से फिलहाल विजय शाह को कोई राहत नहीं मिली है और उनकी याचिका पर सुनवाई टाल दी गई है।
कुंवर विजय शाह ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग की है।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट को बताया गया कि राज्यपाल ने विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। इस पर कोर्ट ने कहा कि बयान से प्रभावित व्यक्ति या पीड़ित इस फैसले को चुनौती दे सकता है। यानी राज्यपाल के फैसले को लेकर कानूनी चुनौती का रास्ता खुला है।
विजय शाह की कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्पणी के बाद मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया था। इसके बाद विजय शाह ने हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी और FIR रद्द करने की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने 19 मई 2025 को मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया था। एसआईटी ने जांच पूरी कर अभियोजन की मंजूरी के लिए रिपोर्ट सरकार को सौंपी थी।
मामले में मध्य प्रदेश सरकार ने अभियोजन की मंजूरी नहीं देने की सिफारिश राज्यपाल के पास भेजी थी। राज्यपाल ने कैबिनेट की इस सिफारिश को मंजूरी दे दी थी। इससे विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की प्रक्रिया पर रोक लग गई। कांग्रेस ने इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए राज्यपाल से दोबारा विचार करने की मांग भी की थी।
विजय शाह ने हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। उनकी याचिका में एफआईआर निरस्त करने की मांग की गई है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई आगे बढ़ा दी है। ऐसे में विजय शाह की याचिका और राज्यपाल के अभियोजन की मंजूरी से जुड़े फैसले पर आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी।