भोपाल: सोशल मीडिया पर चर्चित पुलिस अफसर संतोष कुमार पटेल ने संभाला भोपाल एसीपी कोतवाली का कार्यभार
Bhopal Police News: सोशल मीडिया पर चर्चित पुलिस अधिकारी संतोष कुमार पटेल ने भोपाल एसीपी कोतवाली का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक सुधार और जनता से संवाद को प्राथमिकता बताया है।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
संतोष कुमार पटेल और उनकी टीम (फोटो सोर्स- नवभारत)
Bhopal ACP Santosh Kumar Patel: अपनी बेबाक कार्यशैली और सोशल मीडिया पर सक्रियता के लिए चर्चित मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारी संतोष कुमार पटेल ने भोपाल में एसीपी कोतवाली का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने राजधानी में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना अपनी पहली प्राथमिकता बताया।
कार्यभार संभालने के बाद संतोष कुमार पटेल ने अपने पिछले कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनका हालिया पदस्थापन बालाघाट जिले में रहा, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि बालाघाट की हरियाली, शुद्ध हवा और वहां की मिट्टी की खुशबू लोगों को सुकून देती है।
बालाघाट में हर जगह हरियाली दिखती थी
भोपाल में नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि बालाघाट में जहां चारों ओर प्रकृति और हरियाली नजर आती थी, वहीं अब राजधानी में चारों तरफ लोग ही लोग दिखाई देंगे। उनका यह हल्का-फुल्का अंदाज भी चर्चा का विषय रहा। एसीपी कोतवाली संतोष कुमार पटेल ने कहा कि राजधानी में उनकी प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना होगी। इसके साथ ही शहर के व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम लोगों की शिकायतों का जल्द समाधान उनकी कार्ययोजना में शामिल रहेगा।
सम्बंधित ख़बरें
एमपी में सियासत गरमाई: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का सरकार पर हमला, मूंग खरीद और ‘घोस्ट अस्पताल’ पर उठाए सवाल
मध्य प्रदेश में ED का बड़ा एक्शन: भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के तीन मामलों में 24.14 करोड़ की संपत्ति अटैच
खंडवा में आफत की बारिश: भारी वर्षा से जनजीवन बेहाल, उफान पर सुकता नदी, हापला गांव का संपर्क टूटा
मध्य प्रदेश के 1.5 लाख शिक्षकों के सामने बड़ी चुनौती, 31 अगस्त तक पास करनी होगी TET, फिर SC जाएगी सरकार
पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद जरूरी
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना बेहद जरूरी है। इसके लिए वह जनसुनवाई और नागरिकों से सीधा संवाद बढ़ाने पर भी जोर देंगे, ताकि लोगों का पुलिस व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत हो सके। कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर पूर्व एसीपी चंद्रशेखर पांडे ने संतोष कुमार पटेल का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इस दौरान कोतवाली और तलैया थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : खंडवा में आफत की बारिश: भारी वर्षा से जनजीवन बेहाल, उफान पर सुकता नदी, हापला गांव का संपर्क टूटा
अपनी कार्यशैली को लेकर फेमस हैं संतोष
गौरतलब है कि संतोष कुमार पटेल अपनी अलग कार्यशैली, आम लोगों से जुड़ने के तरीके और सोशल मीडिया पर सक्रियता के कारण पहले से ही काफी लोकप्रिय हैं। अब भोपाल के संवेदनशील कोतवाली संभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे बेहतर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था में सुधार की उम्मीद की जा रही है।
