

नवभारत लाइव की खबर के बाद मध्य प्रदेश में दो पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीमों पर अलर्ट जारी।
गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम का इस्तेमाल तत्काल बंद करने की सलाह।
दोनों क्रीमों में तय सीमा से ज्यादा जहरीला पारा (मरकरी) मिलने की जानकारी।
पारे से किडनी और तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचने का खतरा।
Advisory Release On Goree Pakistani Cream: गोरा होने की चाहत में इस्तेमाल की जाने वाली पाकिस्तान मेड ब्यूटी क्रीम को लेकर मध्यप्रदेश में बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। नवभारत लाइव की खबर के बाद मध्यप्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दो पाकिस्तानी क्रीमों को लेकर सार्वजनिक सूचना (पब्लिक नोटिस) जारी की है। विभाग ने आम लोगों को इन क्रीमों को नहीं खरीदने और इनका इस्तेमाल तत्काल बंद करने की सलाह दी है।
विभाग की एडवाइजरी में गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम का नाम शामिल है। प्रशासन के मुताबिक, इन कॉस्मेटिक उत्पादों को भारतीय बाजार में बेचने के लिए सक्षम प्राधिकारी की ओर से कोई आयात पंजीकरण या लाइसेंस जारी नहीं किया गया है। यानी ये उत्पाद भारत में अनधिकृत रूप से बेचे जा रहे हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से जारी सूचना में डीसीजीआई (ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया) के संदर्भ में बताया गया है कि इन क्रीमों में निर्धारित सीमा से अधिक भारी धातुएं (हेवी मेटल्स), विशेष रूप से पारा (मरकरी) पाया गया है। पारे की अधिक मात्रा त्वचा के साथ-साथ शरीर के आंतरिक अंगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। इसके संपर्क में लंबे समय तक रहने से किडनी और तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचने का जोखिम रहता है।
विभाग ने मध्य प्रदेश के उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की अपील की है। एडवाइजरी के मुताबिक, यदि बाजार में ये क्रीम या मिलते-जुलते नाम वाले उत्पाद बिकते दिखाई दें तो इसकी जानकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन को दें। इसके लिए विभाग ने ईमेल आईडी cfdamp@rediffmail.com भी जारी की है। इसके अलावा संबंधित जिले के ड्रग इंस्पेक्टर को भी शिकायत की जा सकती है।
गौरतलब है कि, खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा पाकिस्तानी क्रीम को लेकर जारी की गई एडवाइजरी से पहले ही नवभारत लाइव के रिपोर्टर शिवम दत्त तिवारी ने इसपर रिपोर्ट बनाई थी। जिसमें इस क्रीम के साइडइफैक्ट के बारे में भी बताया गया था। यहां क्लिक कर पढ़ें पाकिस्तानी क्रीम की पूरी रिपोर्ट
प्रशासन ने कॉस्मेटिक उत्पाद खरीदते समय उनके पैकेट पर दर्ज जानकारियों की जांच करने की सलाह दी है।
उत्पाद पर निर्माण लाइसेंस नंबर होना चाहिए।
निर्माता का नाम और पूरा पता दर्ज होना चाहिए।
बैच नंबर और निर्माण तिथि की जानकारी होनी चाहिए।
एक्सपायरी डेट जरूर जांचें।
आयातित कॉस्मेटिक उत्पादों पर आयात पंजीकरण या लाइसेंस नंबर के साथ विदेशी निर्माता का नाम और पता होना चाहिए।
राजधानी भोपाल के प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी उपभोक्ता ने गोरी ब्यूटी क्रीम चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम या इनसे मिलते-जुलते नाम वाली क्रीम खरीदी है तो उसका इस्तेमाल न करें। साथ ही बाजार में इन उत्पादों की उपलब्धता की सूचना तत्काल विभाग को दें।
नवभारत लाइव की खबर के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की इस एडवाइजरी को उपभोक्ताओं के लिए अहम चेतावनी माना जा रहा है। खूबसूरती और गोरी त्वचा पाने के दावों के बीच अब सवाल यह है कि बिना जरूरी अनुमति और सुरक्षा मानकों के ऐसे उत्पाद बाजार तक कैसे पहुंच रहे हैं।