MP की 10 बड़ी खबरें: सिंहस्थ की तैयारी, NICU हादसा, शक्कर की महंगाई; बाढ़ रेस्क्यू और अपराध तक बड़े अपडेट

MP Top 10 News Today: उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारी में 16 मकान ध्वस्त, छिंदवाड़ा NICU में आग से नवजात की मौत, ग्वालियर में शक्कर ₹65 किलो पार, जानिए भोपाल के अजब निर्माण, पढ़िए दिनभर की 10 बड़ी खबरें।
Top 10 Madhya Pradesh News Headlines Today
एमपी की 10 बड़ी खबरें(सोर्स- एआई जनरेटेड डिजाइन इमेज)
Published on
Updated on

Madhya Pradesh Top 10 News Navbharat Live: मध्य प्रदेश की 10 बड़ी खबरों में सिंहस्थ की तैयारियों, अस्पताल हादसा, महंगाई, बाढ़ राहत, अपराध और प्रशासनिक संवेदनशीलता से जुड़ी प्रदेश की बड़ी और असरदार खबरों को विस्तार से पढ़ें...

1.उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारी, बेगमबाग में 16 मकान ध्वस्त

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में यूडीए ने बड़ी कार्रवाई की। महाकाल मंदिर मार्ग स्थित बेगमबाग क्षेत्र में 16 मकानों को ध्वस्त किया गया। ये मकान हरिफाटक ब्रिज के चौड़ीकरण और महाकाल मंदिर के लिए बनाई जा रही टनल के रास्ते में बाधा बन रहे थे। शनिवार सुबह भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में जेसीबी-पोकलेन से कार्रवाई शुरू हुई। इससे पहले भी इस मार्ग पर कई मकान हटाए जा चुके हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

2. छिंदवाड़ा NICU में आग, नवजात बच्ची की मौत

छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में शुक्रवार देर रात करीब 2 से 3 बजे आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्लग में शॉर्ट सर्किट के बाद एक डोली में आग लगी, जिसमें तीन नवजात बच्चे रखे थे। तीनों की उम्र 6 से 12 दिन के बीच बताई जा रही है। हादसे में एक नवजात बच्ची की जबलपुर ले जाते समय मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हैं। घटना के समय NICU में 20 से अधिक नवजात मौजूद थे। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

Gwalior wholesale sugar price reaches ₹65 per kg
ग्वालियर के थोक बाजार में महंगी हुई शक्कर(सोर्स- डिजाइन इमेज)

3. ग्वालियर में शक्कर महंगी, थोक भाव 65 रुपये किलो तक पहुंचे

ग्वालियर के दाल बाजार में शक्कर की बढ़ती कीमतों ने व्यापारियों और आम ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। कारोबारियों के मुताबिक, थोक बाजार में शक्कर के भाव करीब 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। मांग बढ़ने और उपलब्धता से जुड़ी परिस्थितियों का असर कीमतों पर दिखाई दे रहा है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान मांग और बढ़ सकती है। इससे मिठाई की लागत बढ़ने के साथ ग्राहकों की जेब पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

4. CM के सामने बुंदेली में बोला शख्स, ‘जो गड्ढा देख लियो...’

टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे के दौरान एक स्थानीय शख्स ने ठेठ बुंदेली अंदाज में सड़क की बदहाली का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री से अपनी समस्या बताते हुए उसने कहा, “साहब जी, जो गड्ढा देख लियो, तुम्हारी जय हो जाये…” उसकी बात सुनकर वहां मौजूद लोग मुस्कुराने लगे। शख्स ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जिससे लोगों को परेशानी होती है। उसने मुख्यमंत्री से सड़क की समस्या दूर कराने की मांग की। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

futuristic smart toilet surprises people at Vidyasagar Chauraha
भोपाल में एक और अजूबा निर्माण (सोर्स- नवभारत लाइव)

5. भोपाल में बाथरूम का अजीब निर्माण, एक कमरे का रास्ता गायब

भोपाल के अवधपुरी क्षेत्र में विद्यासागर चौराहे पर बने एक बाथरूम का निर्माण चर्चा में है। यहां बाथरूम में दो कमरे बनाए गए हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि एक कमरे में जाने का रास्ता ही नजर नहीं आता। यह कमरा तीन तरफ से बाउंड्रीवॉल और एक तरफ करीब 4 से 4.5 फीट ऊंची दीवार से घिरा है। निर्माण को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब कमरे में प्रवेश का रास्ता नहीं है तो इसका इस्तेमाल कैसे होगा। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

6. भोपाल में EV चार्जिंग स्टेशन से कॉपर वायर चोरी

भोपाल में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए लगाए गए चार्जिंग स्टेशन अब चोरों के निशाने पर हैं। पुराने नगर निगम कार्यालय के बाहर स्थापित EV चार्जिंग स्टेशन से चोर चार्जिंग पोर्ट से जुड़ी कॉपर वायर काटकर ले गए। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ रही है और सरकार ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा दे रही है। ऐसे में चार्जिंग स्टेशन से वायर चोरी होने की घटना ने इन सार्वजनिक सुविधाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

Pistol Found Inside School Bag In Niwas Mandla
मंडला में छात्र के स्कूल के बैग में चैकिंग के दौरान मिली पिस्तौल(सोर्स- सोशल मीडिया)

7. मंडला स्कूल में छात्र के बैग से देशी पिस्तौल बरामद

मंडला जिले के निवास स्थित सांदीपनि विद्यालय में जांच के दौरान कक्षा 12वीं के एक छात्र के बैग से छह राउंड वाली देशी पिस्तौल बरामद हुई। हथियार मिलने की खबर से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद निवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हथियार जब्त कर छात्र से पूछताछ शुरू की। स्कूल में प्रतिबंधित सामग्री की जांच के दौरान हथियार मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

8. उज्जैन के विशाल ने 2 हजार में बनाया चोर पकड़ने वाला सिस्टम

उज्जैन के देवास रोड स्थित सांची पार्लर संचालक विशाल सिंह जादौन ने चोरी से परेशान होकर 2012 में महज 2 हजार रुपये में टावर बेस्ड अलर्ट सिस्टम बनाया। GSM तकनीक से लैस यह डिवाइस संदिग्ध गतिविधि होते ही उनके मोबाइल पर कॉल और मैसेज भेजती है। इस तकनीक की मदद से पुलिस के सहयोग से अब तक 9 बार चोर पकड़े जा चुके हैं। विशाल ने स्वच्छ भारत अभियान और बाढ़ प्रबंधन के लिए भी उपयोगी डिवाइस तैयार की थीं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

SDRF NDRF rescue 1000 people during Rewa floods
रीवा में देवदूत बने जवान, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ ने बचाईं हजार जिंदगियां(सोर्स- सोशल मीडिया)

9. रीवा में SDRF-NDRF ने बचाईं 1000 जिंदगियां

रीवा में चार दिनों की लगातार बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। उफनती नदियों, तेज बहाव और डूबे रास्तों के बीच SDRF और NDRF के जवानों ने मोर्चा संभाला। जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर करीब एक हजार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान के दौरान तीन गर्भवती महिलाओं और चार दिन के नवजात को भी सुरक्षित निकाला गया। कई जगह जवानों ने नाव के बजाय खुद पानी में उतरकर लोगों तक पहुंच बनाई। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

10. मुरैना SP ने घायल को अपने वाहन से पहुंचाया अस्पताल

मुरैना में एसपी धर्मराज मीणा ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। मुड़ियाखेड़ा इलाके में ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति घायल होकर सड़क पर पड़ा था। भ्रमण के दौरान एसपी की नजर हादसे पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया। घायल की गंभीर स्थिति देखते हुए एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया और अपने अंगरक्षक व चालक की मदद से उसे शासकीय वाहन में जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उन्होंने डॉक्टरों से घायल की स्थिति भी जानी। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

Navbharat Live
navbharatlive.com