मध्य प्रदेश में मानसून से पहले मौसम का मिजाज बदला, कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट, तापमान में गिरावट
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून आने से पहले प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। आज 52 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई शहरों में बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
- Written By: प्रीतेश जैन
कॉन्सेप्ट इमेज (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
MP Pre Monsoon Rain Alert: मध्य प्रदेश में मानसून की औपचारिक एंट्री से पहले ही प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के 20 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के 52 जिलों के लिए 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, देवास, हरदा और बैतूल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के ऊपर सक्रिय तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन मौसम को प्रभावित कर रहे हैं। इसी वजह से कई क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर देखने को मिल रहा है।
इन जिलों में बारिश और आंधी की संभावना
मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, राजगढ़, इंदौर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, आगर-मालवा, शाजापुर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना जताई है। जबकि झाबुआ, आलीराजपुर और रतलाम में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है।
सम्बंधित ख़बरें
MP UCC Bill: लिव-इन में रहना अब इतना आसान नहीं! कानून तोड़ते ही होगी जेल या भारी कार्रवाई? देखें VIDEO
दिल्ली में राहुल, भोपाल में उमंग, NEET के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर; MP विधानसभा परिसर में दिया धरना
Wardha News: वर्धा में बारिश से खरीफ फसलों को राहत, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
मध्य प्रदेश विधानसभा में भारी हंगामे के बीच UCC बिल पास; कांग्रेसी विधायकों ने जमकर की नारेबाजी
बारिश से तापमान में गिरावट
लगातार हो रही बारिश और बादलों की मौजूदगी से प्रदेशभर में तापमान में कमी आई है। अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि श्योपुर प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडा रहा। श्योपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बड़े शहरों का तापमान
शुक्रवार को भोपाल में भी शाम के समय तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश हुई। पचमढ़ी में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री, गुना में 35.4 डिग्री, सिवनी में 36 डिग्री, राजगढ़ में 36.4 डिग्री और बैतूल में 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में इंदौर का तापमान 35.1 डिग्री, उज्जैन का 35 डिग्री, भोपाल का 35.5 डिग्री, ग्वालियर का 37.9 डिग्री और जबलपुर का 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
ये भी पढ़ें : MP पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल, 8 IPS समेत 74 अधिकारियों के तबादले; आयुष जाखड़ बने ASP
20 जून के बाद प्रदेश में पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि इस साल मध्य प्रदेश में मानसून सामान्य तिथि से कुछ दिन देरी से पहुंच सकता है। आमतौर पर प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसके 20 से 22 जून के बीच पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
