

MP Pre Monsoon Rain: मध्य प्रदेश में भले ही दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक एंट्री अभी बाकी हो, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियां पूरे जोर पर हैं। पिछले दो दिनों से राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में तेज आंधी के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के लगभग 45 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। नीमच, मंदसौर, आगर मालवा, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर और दमोह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर सहित कई अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं।
रायसेन, राजगढ़, विदिशा, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, झाबुआ, उज्जैन, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, दतिया, मुरैना, भिंड, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है।
बारिश और बादलों के असर से प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। केवल कुछ चुनिंदा शहरों में ही पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। नौगांव सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा खजुराहो, खरगोन, दतिया, नरसिंहपुर और खंडवा में भी गर्मी का असर बना रहा। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में तापमान अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया।
उधर, मानसून की प्रगति पर नजर डालें तो यह केरल पहुंच चुका है, लेकिन मध्य प्रदेश में इसकी दस्तक सामान्य समय से कुछ दिन देरी से होने की संभावना जताई जा रही है। आमतौर पर प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस साल इसके 20 से 22 जून के बीच पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियों के चलते प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली हुई है और अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही बदला हुआ स्वरूप बने रहने की संभावना है।