MP: चयनित संगीत शिक्षकों को बड़ी राहत, DPI ने जारी की पात्र-अपात्र सूची, 18 जून से भर सकेंगे स्कूल विकल्प

DPI Teacher Recruitment : मध्य प्रदेश में संगीत, गायन, वादन और नृत्य शिक्षक भर्ती को लेकर DPI ने पात्र-अपात्र सूची जारी कर दी है। चयनित अभ्यर्थी 18 से 21 जून तक स्कूल विकल्प भर सकेंगे।
MP Teacher Recruitment 2026
लोक शिक्षण संचालनालय (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

MP Music Teacher Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में नियुक्ति की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे चयनित संगीत शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने माध्यमिक शिक्षक और प्राथमिक शिक्षक (गायन, वादन एवं नृत्य) पदों के लिए पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। अब पात्र अभ्यर्थी 18 जून से 21 जून 2026 तक स्कूल चॉइस फिलिंग कर सकेंगे।

दरअसल, भर्ती प्रक्रिया प्रयाग संगीत समिति, प्रयागराज से प्राप्त डिप्लोमा की मान्यता को लेकर विवाद में फंस गई थी। गायन, वादन और नृत्य विषय के कई चयनित अभ्यर्थियों ने इसी संस्थान से डिप्लोमा किया था। संस्थान की मान्यता को लेकर उठे सवालों के कारण विभाग ने नियुक्ति प्रक्रिया रोक दी थी।

अभ्यर्थियों ने दर्ज कराई थी आपत्ति

जानकारी के अनुसार, लगभग 100 चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों को लेकर आपत्ति दर्ज की गई थी। इसके चलते संगीत, वादन और नृत्य विषय के कुल 1144 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया लंबित हो गई थी। नियुक्ति में देरी से नाराज अभ्यर्थी लगातार प्रदर्शन कर रहे थे और सरकार से जल्द नियुक्ति की मांग कर रहे थे।

DPI कार्यालय के बाहर जारी था धरना प्रदर्शन

पिछले दिनों चयनित अभ्यर्थियों ने भोपाल स्थित DPI कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया था। मंगलवार को अभ्यर्थियों द्वारा DPI कार्यालय के घेराव की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही विभाग ने पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी।

2022 में जारी हुआ था भर्ती विज्ञापन

गौरतलब है कि इन पदों के लिए भर्ती विज्ञापन वर्ष 2022 में जारी किया गया था। इसके बाद 2023 में पात्रता परीक्षा आयोजित हुई, जबकि चयन परीक्षा 2025 में संपन्न कराई गई। परिणाम घोषित होने के बावजूद विभिन्न प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से नियुक्तियां लंबित थीं।

18 से 21 जून तक चुन सकेंगे अपनी पसंद का स्कूल

अब DPI द्वारा सूची जारी किए जाने के बाद अभ्यर्थियों को 18 से 21 जून तक स्कूल विकल्प भरने का अवसर मिलेगा। इसके बाद विभाग नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप देगा। लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हजारों चयनित अभ्यर्थियों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com