मध्य प्रदेश में 25 जून तक दस्तक दे सकता है मानसून, 39% कम बरसा पानी, आज कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
MP Weather News : MP में मानसून की दस्तक लेट होती जा रही है। अब तक सामान्य से 39% कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आज कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई है। मानसून 25 जून तक पहुंच सकता है।
- Written By: प्रीतेश जैन
कॉन्सेप्ट इमेज (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Madhya Pradesh Monsoon Update: मध्यप्रदेश में इस साल मानसून का इंतजार अपेक्षा से अधिक लंबा होता नजर आ रहा है। सामान्य तौर पर मानसून 15 से 16 जून के बीच प्रदेश में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी रहने के कारण 25 जून के आसपास दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है। मानसून की देरी का असर जून माह की बारिश पर साफ दिखाई दे रहा है और प्रदेश में अब तक सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 18 जून तक प्रदेश में औसतन 46.8 मिलीमीटर वर्षा होना चाहिए थी, जबकि इस बार केवल 28.4 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज हुई है। इस तरह प्रदेश में करीब 39 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है। पूर्वी मध्यप्रदेश के कई जिलों में स्थिति और भी चिंताजनक है, जहां सामान्य से बेहद कम पानी गिरा है।
इन जिलों में हुई कम बारिश
अनूपपुर, बालाघाट, दमोह, मैहर, रीवा, शहडोल, टीकमगढ़, अलीराजपुर, बड़वानी, भिंड, दतिया, धार और खरगोन जैसे जिलों में अब तक आधा इंच से भी कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं भोपाल, इंदौर, देवास, गुना, बैतूल, नर्मदापुरम, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, सतना और सीधी सहित कई जिलों में एक से चार इंच तक वर्षा हुई है, लेकिन कृषि कार्यों और बोवनी के लिए यह अभी पर्याप्त नहीं मानी जा रही।
सम्बंधित ख़बरें
20 जून को मनेगा देशव्यापी ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’; पीएम मोदी हुगली से जारी करेंगे 23वीं किस्त के ₹18,800 करोड़
स्कूल चले हम अभियान: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दी छात्राओं के सपनों को नई उड़ान
भोपाल के MP नगर में खौफनाक मंजर, नौकरी से निकालने पर हाई-टेंशन लाइन के नंगे तारों पर दौड़ने लगा युवक- VIDEO
राज्यसभा नामांकन विवाद पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, भोपाल में निर्वाचन आयोग का पुतला दहन, जमकर की नारेबाजी
यहां तेज हवा के साथ वर्षा
गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। सिवनी में अच्छी बारिश दर्ज हुई, जबकि इंदौर के महू, धार के पीथमपुर और गुना क्षेत्र में भी तेज हवाओं के साथ वर्षा हुई। बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। भोपाल में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 36.9 डिग्री, उज्जैन में 38 डिग्री, जबलपुर में 38.7 डिग्री और ग्वालियर में 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आज इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रायसेन, सीहोर, विदिशा, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, दमोह, छतरपुर और टीकमगढ़ सहित अनेक जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की संभावना जताई है।
ये भी पढ़ें : इंदौर के लिंबोदी तालाब पहुंचे CM मोहन यादव! खुद उठाया फावड़ा और श्रमदान कर दिया जल संरक्षण का महा-संदेश
अगले हफ्ते मानसून की एंट्री संभव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और कई ट्रफ लाइनें मौसम को प्रभावित कर रही हैं। इसी कारण कई क्षेत्रों में रुक-रुककर आंधी और बारिश का दौर जारी है, जबकि मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां धीरे-धीरे अनुकूल बन रही हैं। यदि मौसम प्रणाली सक्रिय बनी रही तो अगले सप्ताह तक मध्यप्रदेश में मानसून प्रवेश कर सकता है।
