Bhopal Army Day 2027 : पहली बार होगा सेना दिवस का भव्य आयोजन, सीएम ने शौर्य स्मारक में रोपा 'संकल्प वृक्ष'

Army Day Celebration Bhopal : मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर CM मोहन यादव ने भोपाल के शौर्य स्मारक में संकल्प वृक्ष रोपा। 15 जनवरी 2027 को पहली बार भोपाल में होगा सेना दिवस का भव्य आयोजन।
CM Mohan Yadav At Shaurya Smarak Bhopal
सीएम ने पौधरोपण अभियान के तहत 'संकल्प वृक्ष' का रोपण कियाफोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • एमपी के 71वें स्थापना दिवस पर CM मोहन यादव ने रोपा संकल्प वृक्ष।

  • भोपाल के शौर्य स्मारक में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम।

  • प्रदेश के सभी 55 जिलों की मिट्टी से किया गया वृक्ष का सिंचन।

  • 15 जनवरी 2027 को भोपाल में होगा सेना दिवस का भव्य आयोजन।

MP Foundation Day 2026 Sankalp Vriksh : एमपी के 71वें स्थापना दिवस पर राजधानी भोपाल में भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीएम मोहन यादव ने रविवार को शौर्य स्मारक में पौधरोपण अभियान के तहत 'संकल्प वृक्ष' का रोपण किया। ये कार्यक्रम 15 जनवरी 2027 को भोपाल में होने वाले सेना दिवस समारोह की तैयारियों के तहत आयोजित किया गया।

खास बात ये रही कि संकल्प वृक्ष को प्रदेश के सभी 55 जिलों के गांवों, कस्बों और शहरों से एकत्रित मिट्टी अर्पित की गई। सीएम ने इस अवसर पर सैन्य प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

15 जनवरी 2027 को भोपाल में होगा सेना दिवस समारोह

सीएम ने कहा कि ये मध्यप्रदेश के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है कि 1 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक भोपाल की धरती पर भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और पुरुषार्थ से जुड़े विभिन्न आयोजन होंगे। पहली बार भोपाल में सेना दिवस के माध्यम से भारतीय सेना के अदम्य साहस और सामरिक क्षमता का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों को इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

55 जिलों की मिट्टी से दिया एकता का संदेश

'मेरी माटी' अभियान के तहत प्रदेश के सभी 55 जिलों से मिट्टी एकत्रित कर कलशों में लाई गई। इस मिट्टी को संकल्प वृक्ष के रोपण के दौरान अर्पित किया गया। सीएम ने कहा कि एमपी में अलग अलग बोलियां, संस्कृतियां और परंपराएं होने के बावजूद सभी एक सूत्र में बंधे हैं। 55 जिलों की मिट्टी का एक स्थान पर एकत्रित होना प्रदेश की एकता, अखंडता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने इस पहल के लिए भारतीय सेना और एनसीसी की सराहना की।

सैन्य प्रदर्शनी में दिखेगा सेना का शौर्य और सामरिक कौशल

सीएम मोहन यादव ने शौर्य स्मारक में लगाई गई सैन्य इवेंट प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इसमें भारतीय सेना के पराक्रम, सामरिक क्षमता और तकनीकी नवाचारों को प्रदर्शित किया गया है। इवेंट पवेलियन में सेना दिवस परेड, रण हुंकार, एकीकृत युद्ध प्रदर्शन और सैन्य प्रदर्शनी की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। ये आयोजन 15 जनवरी को होने वाले सेना दिवस समारोह का हिस्सा होंगे।

2027 होगा युवा वर्ष, सेना दिवस से होगी शुरुआत

मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम ने बताया कि सरकार ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में हर साल एक विशेष वर्ग के कल्याण को समर्पित करने का संकल्प लिया है। वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है जबकि वर्ष 2027 युवा वर्ष होगा। उन्होंने कहा कि युवा वर्ष की शुरुआत भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम के भव्य प्रदर्शन के साथ होना प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी सौगात साबित होगा।

CM Mohan Yadav At Shaurya Smarak Bhopal
MP Foundation Day 2026: 70 साल का हुआ मध्यप्रदेश, जानिए कैसे पड़ा नाम 'मध्य प्रदेश' और क्या है इसका इतिहास

स्थापना दिवस पर जिलों में भी होंगे कार्यक्रम

सीएम ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों को अलग अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है जहां वे जिला स्तरीय समारोहों में शामिल होंगे। किसान कल्याण वर्ष के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। सीएम ने कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से मिट्टी के कलश लेकर पहुंचे विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि राष्ट्र और प्रदेश के विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।