

Dindori Murder Case: मध्य प्रदेश के आदिवासी जिले डिंडोरी की समनापुर पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को घने जंगल से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
दरअसल पूरी घटना 26 जुलाई की थी जहां थाना समनापुर क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना समनापुर पुलिस को मिली। थाना प्रभारी हरिशंकर तिवारी बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की पहचान कमल सिंह मरावी के रूप में हुई।
मृतक की पत्नी हिंरदिया बाई ने बताया कि दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय ग्राम के सुकल सिंह मरावी ने उसके पति के साथ विवाद कर धक्का-मुक्की की। इसके बाद आरोपी ने पीछा कर तालाब के पास उसे पकड़ लिया और पत्थर से सिर पर गंभीर प्रहार कर दिया, जिससे कमल सिंह मरावी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी समीप स्थित घने जंगल में फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए समनापुर पुलिस टीम ने आरोपी की संभावित लोकेशन का पता करते हुए घने जंगल में सर्च अभियान चलाया, जहां पुलिस को खासी मशक्कत का समाना भी करना पड़ा। लगभग चार से पांच घंटे तक लगातार कठिन तलाशी एवं जंगल की प्रभावी घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी सुकल सिंह मरावी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।पुलिस द्वारा आरोपी को जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जिला जेल डिण्डौरी भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बजाग विवेक कुमार गौतम, निरीक्षक हरिशंकर तिवारी (थाना प्रभारी समनापुर), उप निरीक्षक लक्ष्मीप्रसाद पुष्पकार, सउनि. संतोष यादव (चौकी प्रभारी), सउनि. कमल सिंह उइके, सउनि. खेमवती मरावी, प्रधान आरक्षक 365 भारत लाल बसन्त, प्रधान आरक्षक 183 राजेश मरावी, प्रधान आरक्षक 29 संतोष धुर्वे, प्रधान आरक्षक 297 कृष्णपाल सिंह एवं आरक्षक 267 सुनील कुमार पट्टा की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
https://youtu.be/-Lk1qE5Z2Zs?si=9IHtaLtWDMpN_EMV