मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: 24,500 करोड़ के प्रस्ताव मंजूर, अग्निवीरों को 20% आरक्षण, छात्रों को 600 रुपए DBT

Mohan Cabinet Decisions : मध्यप्रदेश कैबिनेट ने 24,500 करोड़ से अधिक के प्रस्ताव मंजूर किए। अग्निवीरों को 20% आरक्षण, 58 लाख छात्रों को 600 रुपये DBT और सिंगरौली मेडिकल कॉलेज को मंजूरी मिली।
Madhya Pradesh Cabinet Meeting
मोहन कैबिनेट ने लिए कई बड़े फैसलेफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

MP Cabinet Meeting : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मध्यप्रदेश कैबिनेट बैठक में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, सिंचाई और युवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद MSME मंत्री चेतन्य कश्यप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में फैसलों की जानकारी दी। सरकार के मुताबिक, बैठक में 24,500 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।

कैबिनेट ने पूर्व अग्निवीरों के लिए राज्य की कुछ सेवाओं में 20 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला किया है। यह आरक्षण वन विभाग, गृह (पुलिस), जेल विभाग और अन्य सुरक्षा सेवाओं में दिया जाएगा। इसके साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग में पिछले 9 वर्षों से लंबित 900 अनुकंपा नियुक्तियों को पूरा करने की जानकारी दी गई। कैबिनेट ने सभी विभागों को लंबित अनुकंपा नियुक्तियों की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश भी दिए हैं।

58 लाख छात्रों को DBT से मिलेंगे 600 रुपये

शिक्षा के क्षेत्र में मोहन कैबिनेट ने कक्षा 1 से 8 तक के करीब 58 लाख विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म राशि सीधे बैंक खातों में भेजने का फैसला किया है। इस साल प्रत्येक छात्र को 600 रुपये DBT के माध्यम से मिलेंगे। सरकार अगले शैक्षणिक सत्र के लिए यूनिफॉर्म वितरण की व्यवस्था को और मजबूत करने की योजना तैयार करेगी। घुमंतू समुदाय के विद्यार्थियों के छात्रावासों में 1 रुपये प्रति किलो की दर से अनाज उपलब्ध कराने का भी फैसला लिया गया है।

दमोह-कटनी सड़क और सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी

कैबिनेट ने 105 किलोमीटर लंबे दमोह-कटनी मार्ग के निर्माण और उन्नयन कार्य को मंजूरी दी है। इसके साथ ही दतिया सिंचाई परियोजना को स्वीकृति दी गई है। रामपुरा-मनासा सिंचाई परियोजना का काम वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। न्यायालय भवनों के निर्माण और अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए 600 करोड़ रुपये से अधिक की निरंतरता राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी भी दी गई।

सुगम परिवहन योजना की शुरुआत

कैबिनेट में प्रदेश में सुगम परिवहन योजना शुरू करने का फैसला भी लिया गया। सरकार के मुताबिक, यह प्रदेशवासियों की 21 साल पुरानी मांग से जुड़ी योजना है। वहीं भोपाल के आगामी मास्टर प्लान को लेकर जनता से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।

सिंगरौली में 372 करोड़ का मेडिकल कॉलेज

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए कैबिनेट ने 3,313 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। सिंगरौली जिले में 372 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए मेडिकल कॉलेज को अंतिम मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही आगामी उज्जैन सिंहस्थ को देखते हुए क्षिप्रा नदी की सफाई और पानी को स्वच्छ रखने के लिए विशेष कार्ययोजना को भी मंजूरी दी गई है।

Madhya Pradesh Cabinet Meeting
MP में गधे के नाम पर जारी हुआ नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, NSUI ने उठाए MPNRC की ऑनलाइन व्यवस्था पर सवाल

पर्यटन और खेल को लेकर भी फैसले

एमपी कैबिनेट बैठक में मध्यप्रदेश की पांच नई धरोहरों के UNESCO की विश्व धरोहर स्थलों/प्रस्तावों में शामिल होने का भी उल्लेख किया गया। सरकार के मुताबिक इससे प्रदेश में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। हालिया प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के 2 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीतने पर कैबिनेट ने प्रसन्नता जताई और खिलाड़ियों को बधाई दी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com