मोहन भागवत का अचानक भोपाल दौरा, जैन मुनि समय सागर से करेंगे मुलाकात, इंदौर में जुटेंगे 1 लाख स्वयंसेवक

RSS Chief Mohan Bhagwat News:मोहन भागवत अचानक भोपाल पहुंचे। समिधा में संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक और जैन मुनि समय सागर से मुलाकात के बाद वे इंदौर में RSS के शताब्दी वर्ष समापन समारोह में शामिल होंगे।
RSS chief Mohan Bhagwat Bhopal visit
RSS चीफ मोहन भागवतफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • RSS प्रमुख मोहन भागवत बुधवार सुबह अचानक भोपाल पहुंचे।

  • भोपाल के संघ कार्यालय समिधा में विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक।

  • एमपी नगर में जैन मुनि समय सागर महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लेने का कार्यक्रम।

  • इंदौर के डेली कॉलेज परिसर में RSS के शताब्दी वर्ष का समापन समारोह।

  • ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ कार्यक्रम में एक लाख स्वयंसेवकों के शामिल होने का अनुमान।

Mohan Bhagwat Bhopal Visit : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत बुधवार सुबह अचानक भोपाल पहुंचे। हवाई अड्डे और स्टेशन पर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों स्वप्निल कुलकर्णी, प्रांत प्रचारक विमल गुप्ता और कैलाश लोवंशी ने उनका स्वागत किया। भागवत के भोपाल दौरे को लेकर संघ पदाधिकारियों के कार्यक्रमों पर नजर है। भोपाल में निर्धारित कार्यक्रम पूरे करने के बाद वे इंदौर रवाना होंगे, जहां संघ के शताब्दी वर्ष के समापन पर बड़ा आयोजन किया जा रहा है।

भोपाल पहुंचने के बाद मोहन भागवत सीधे संघ कार्यालय समिधा पहुंचे। यहां वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। बैठक में संघ से जुड़े विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। हालांकि, बैठक के एजेंडे और उसमें होने वाले विचार-विमर्श की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इसके बाद भागवत का जैन मुनि समय सागर महाराज से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है।

जैन मुनि समय सागर महाराज से लेंगे आशीर्वाद

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मोहन भागवत दोपहर 2:45 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच एमपी नगर स्थित चातुर्मास स्थल पहुंचेंगे। यहां वे पूज्य जैन मुनि समय सागर महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेंगे। इस मुलाकात के बाद भागवत इंदौर के लिए रवाना होंगे। भोपाल में संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक और जैन मुनि से मुलाकात के बाद उनका अगला कार्यक्रम संघ के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह में शामिल होना है।

इंदौर के डेली कॉलेज में होगा शताब्दी वर्ष का समापन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सालभर से आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन बुधवार को इंदौर में होगा। मालवा प्रांत के इंदौर विभाग की ओर से ऐतिहासिक डेली कॉलेज परिसर में ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम शाम 4:30 बजे शुरू होगा। इसमें मोहन भागवत सहित संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। आयोजन को संघ के शताब्दी वर्ष के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है।

RSS chief Mohan Bhagwat Bhopal visit
ANALYSIS: मंच से खरीद-फरोख्त का दावा, आष्टा विधायक का वीडियो वायरल; सुधीर दंडोतिया से समझें इस बयान के मायने

एक लाख स्वयंसेवकों के जुटने का अनुमान

आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में इंदौर महानगर और महू ग्रामीण क्षेत्र के लगभग एक लाख सक्रिय स्वयंसेवकों के शामिल होने का अनुमान है। इसके अलावा संघ के शीर्ष राष्ट्रीय पदाधिकारी और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्ध जन भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ का उद्देश्य स्वयंसेवकों और समाज के लोगों को राष्ट्र निर्माण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का संदेश देना है। बड़े स्तर पर होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां की गई हैं और अब सभी की नजर कार्यक्रम में मोहन भागवत के संबोधन पर रहेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com