इंदौर में 2 से 4 नवंबर तक होगी RSS की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक, भागवत और दत्तात्रेय होसबाले होंगे शामिल

RSS Indore Meeting : RSS की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक 2 से 4 नवंबर 2026 तक इंदौर में होगी। मोहन भागवत और दत्तात्रेय होसबाले बैठक में शामिल होंगे। मीटिंग में समसामयिक मुद्दों पर चर्चा होगी।
RSS chief Mohan Bhagwat
RSS चीफ मोहन भागवतफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • RSS की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक 2 से 4 नवंबर 2026 तक इंदौर में होगी।

  • सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले बैठक में शामिल होंगे।

  • संघ के सभी 46 प्रांतों और 11 क्षेत्रों के पदाधिकारियों की उपस्थिति अपेक्षित है।

  • संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।

  • नशीली दवाओं की समस्या, नए माध्यमों के कंटेंट, बाहरी हस्तक्षेप और वैश्विक परिदृश्य पर चर्चा होगी।

RSS Akhil Bharatiya Karyakari Mandal : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित होगी। यह बैठक मालवा प्रांत में होगी।

संघ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बैठक कार्तिक कृष्ण अष्टमी, नवमी और दशमी को संपन्न होगी। इसमें संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और देशभर से प्रतिनिधि शामिल होंगे।

मोहन भागवत और दत्तात्रेय होसबाले होंगे शामिल

इंदौर में होने जा रही RSS की इस बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी छह सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभागों के प्रमुख और कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहेंगे। संघ की संगठनात्मक संरचना के सभी 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, कार्यवाह और प्रचारक सहित उनके सह पदाधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा सभी 11 क्षेत्रों के संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक और सह पदाधिकारियों की उपस्थिति भी अपेक्षित है।

संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा

संघ की ओर से बताया गया है कि विजयादशमी पर संपन्न हुए उत्सव के साथ पिछले एक वर्ष से देशभर में चल रहे शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की श्रृंखला पूरी हुई है। बैठक में इन कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही विजयादशमी उत्सव पर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के उद्बोधन में उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दों पर आगे की चर्चा और कार्ययोजना को लेकर विचार किया जाएगा।

RSS chief Mohan Bhagwat
India Chem 2026: CM मोहन यादव ने दिया MP में निवेश का न्योता, बीना रिफाइनरी में ₹50,000 करोड़ निवेश की संभावना

नशे की समस्या और डिजिटल कंटेंट पर भी चर्चा

अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में वर्तमान समय के महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा प्रस्तावित है। इनमें नए माध्यमों पर उपलब्ध कंटेंट, नशीली दवाओं की समस्या, बाहरी शक्तियों का हस्तक्षेप और वैश्विक परिदृश्य जैसे विषय शामिल हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बैठक में इन मुद्दों पर विचार-विमर्श के साथ संगठन के आगामी कार्यों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com