कमलनाथ का मुख्यमंत्री मोहन यादव पर पलटवार, बोले- सत्ता का घमंड न करें, भाजपा की विदाई का मन बना चुकी है जनता
Kamal Nath On Mohan Yadav: मुख्यमंत्री मोहन यादव के जीतू पटवारी पर दिए बयान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पलटवार किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, छिंदवाड़ा विकास और भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं।
- Written By: प्रीतेश जैन
कमलनाथ (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
MP Political News: मध्य प्रदेश की सियासत में मुख्यमंत्री मोहन यादव और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर मुख्यमंत्री मोहन यादव की टिप्पणी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री को भाषा की मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी है।
कमलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव को अपने पद के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोहन यादव जी, पद के अभिमान में भाषा की मर्यादा नहीं भूलनी चाहिए। आपने कांग्रेस पार्टी और पार्टी नेतृत्व के बारे में अत्यंत अशोभनीय बातें कहीं हैं।
दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाए
पूर्व मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेजों को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आपने जो आरोप लगाए हैं वे भी दुर्भावनापूर्ण हैं। आप मेडिकल कालेज की बात करते हैं, लेकिन बताइए कि उनमे से चालू कितने हैं? भाजपा सरकारें मेडिकल कॉलेज के लिए नहीं, व्यापम और नर्सिंग घोटाले के लिए कुख्यात हैं। मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा में चल रहा है, जो मेरी सरकार में शुरू हुआ था।
सम्बंधित ख़बरें
केन-बेतवा परियोजना पर उमंग सिंघार का बड़ा हमला, बोले- जमीन अधिग्रहण से लेकर मुआवजे तक हर स्तर पर हुई गड़बड़ी
Rewa News:किताबों की जगह स्कूली बच्चों के हाथ में थमाई झाड़ू, सफाई का वीडियो वायरल, जांच के आदेश
जंतर-मंतर से डिंपल यादव का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, युवाओं से किया यह खास वादा-VIDEO
शरद-सुनेत्रा गुट के विलय की चर्चा तेज, फडणवीस से मुलाकात ने बढ़ाया सस्पेंस
अच्छे मन से छिंदवाड़ा आइए
कमलनाथ ने मुख्यमंत्री को छिंदवाड़ा आने का निमंत्रण देते हुए कहा कि विकास देखना है तो कभी अच्छे मन से छिंदवाड़ा आइए। धार्मिक आचरण समझना है तो बजरंगबली की सबसे ऊंची मूर्ति के सिमरिया में दर्शन करिए। महाकाल कॉरिडोर भी मेरी सरकार में शुरू हुआ था।
सत्ता का घमंड ना करिए
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता का घमंड ना करिए। 2018 में हम सब ने मिलकर भाजपा को हराया था। भाजपा 2020 में जनता नहीं, लोकतंत्र की हत्या से सत्ता में आई थी। 2023 में भी आप लोग वोट चोरी से जीते हो। भाजपा का षड्यंत्र बेनकाब हो चुका है। जनता भाजपा की विदाई का मन बना चुकी है, इसलिए खुशी खुशी सामान बांधना शुरू कर दीजिए।
सीएम ने कहा था रद्दी प्रदेश अध्यक्ष
दरअसल, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शाजापुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्होंने आजादी के बाद कांग्रेस का इतना “रद्दी प्रदेश अध्यक्ष” नहीं देखा। मुख्यमंत्री ने कहा था कि जीतू पटवारी को कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों और नेताओं की गलत नीतियों के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।
ये भी पढ़ें : ‘दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष…’ शुजालपुर में CM मोहन यादव का जीतू पटवारी पर तीखा हमला- देखें VIDEO
राजनीतिक बयानबाजी तेज
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रही हैं, जिससे आगामी राजनीतिक माहौल और अधिक गरमाने के संकेत मिल रहे हैं।
