मध्य प्रदेश में छिड़ा पोस्टर वार: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को दिखाया ‘पंचमुखी नाग’, आमने-सामने नेता
BJP Congress Poster War: भोपाल में भाजपा प्रदेश कार्यालय के सामने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का विवादित पोस्टर लगाए जाने के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं।
- Reported By: शिवम दत्त तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
जीतू पटवारी का पोस्टर (फोटो सोर्स- नवभारत)
Bhopal Jitu Patwari Poster Controversy: मध्य प्रदेश की सियासत में पोस्टर वार एक बार फिर तेज हो गई है। राजधानी भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय के ठीक सामने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक विवादास्पद पोस्टर लगाए जाने के बाद कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं।
पोस्टर में जीतू पटवारी को पांच सिर वाले नाग के रूप में दर्शाया गया है। साथ ही उनके कुछ पुराने विवादित बयानों का भी उल्लेख किया गया है। यह पोस्टर ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जीतू पटवारी पर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष’ और ‘टपोरी लाल’ कहा था। माना जा रहा है कि यह पोस्टर उसी राजनीतिक विवाद की अगली कड़ी है।
कांग्रेस ने किया पलटवार
जीतू पटवारी के पोस्टर को लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी प्रवक्ताओं ने इसे भाजपा की हताशा बताते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की राजनीति की जा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग विपक्ष पर आरोप लगा रहे हैं, वे खुद राजनीतिक भाषा की मर्यादा भूल चुके हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं को ही ‘नाग’ बताते हुए कहा कि जनता असली मुद्दों पर जवाब चाहती है, पोस्टर और बयानबाजी पर नहीं।
सम्बंधित ख़बरें
सिर्फ राजनीति ही नहीं, कविता, एक्टिंग और मॉडलिंग का भी शौक… 56वें जन्मदिन पर जानें अनटोल्ड देवेंद्र फडणवीस
राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सागर में कांग्रेस का प्रदर्शन; PM मोदी का फूंका पुतला
MP UCC Bill: लिव-इन में रहना अब इतना आसान नहीं! कानून तोड़ते ही होगी जेल या भारी कार्रवाई? देखें VIDEO
Delhi Student Protest: NSUI ने तेज किया विरोध, एनटीए बैन और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
भाजपा प्रवक्ताओं ने खारिज किए आरोप
वहीं भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है। भाजपा प्रवक्ताओं रवींद्र यति और सत्येंद्र जैन का कहना है कि कांग्रेस को पोस्टर पर आपत्ति जताने से पहले अपने नेताओं के बयानों पर भी ध्यान देना चाहिए। भाजपा का दावा है कि कांग्रेस के शीर्ष नेता समय-समय पर अपने ही कार्यकर्ताओं और नेताओं की तुलना अलग-अलग जानवरों से करते रहे हैं। ऐसे में भाजपा पर राजनीतिक मर्यादा का पाठ पढ़ाना उचित नहीं है।
राजनीतिक माहौल गरमाया
प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव और जीतू पटवारी के बीच हाल के दिनों में कई मुद्दों पर तीखे शब्दों का आदान-प्रदान हुआ है। अब विवादित पोस्टर के सामने आने के बाद यह राजनीतिक टकराव और अधिक बढ़ता दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़ें : भोपाल स्लॉटर हाउस और टेंडर मामले में गरमाई राजनीति, कांग्रेस बोली- EOW जांच से आरोपों को मिला बल
राजधानी में चर्चा का विषय बना पोस्टर
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों से पहले दोनों दलों के बीच आक्रामक राजनीतिक अभियान और पोस्टर वार आगे भी देखने को मिल सकती है। फिलहाल भाजपा कार्यालय के सामने लगा यह पोस्टर राजधानी की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।
