मुख्यमंत्री मोहन यादव की जीतू पटवारी पर टिप्पणी से भड़की युवा कांग्रेस, भोपाल में फूंका सीएम का पुतला

Bjp Congress Clash: मुख्यमंत्री मोहन यादव की जीतू पटवारी पर की गई टिप्पणी के विरोध में भोपाल में युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन कर सीएम का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
Bhopal Youth Congress Protest
प्रदर्शनकारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Bhopal Youth Congress Protest: मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर की गई टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। इसी क्रम में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल के सेकंड स्टॉप चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित खत्री ने किया।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी टिप्पणी वापस लेने तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विपक्ष के मुद्दों और सवालों का जवाब देने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियां कर राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रही है।

भाषा और व्यवहार में संयम रखना चाहिए

युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित खत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी भाषा और व्यवहार में संयम रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने के बजाय ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है।

माफी मांगने की मांग

अमित खत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री मोहन यादव अपनी टिप्पणी पर माफी नहीं मांगते हैं तो युवा कांग्रेस प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को लेकर लगातार विरोध दर्ज कराएंगे और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

विरोध जारी रखने के एलान

प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए सेकंड स्टॉप क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्माया रहा। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ अपना विरोध जारी रखने का एलान किया।

पटवारी को लेकर की थी टिप्पणी

गौरतलब है कि हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर तीखी टिप्पणी की थी, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। अब यह मामला प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com