भोपाल में सरकारी बंगलों पर कब्जे का मामला, पूर्व मंत्रियों विधायकों पर 10 करोड़ रुपए बकाया, 23 को नोटिस जारी

MP Government Bungalows : सरकारी बंगलों का करीब 10 करोड़ रुपए किराया और जुर्माना बकाया है। संपदा संचालनालय ने 23 लोगों को नोटिस जारी किए। नए नियमों के तहत 6 महीने बाद 30 गुना दंडात्मक किराया लगेगा।
Government bungalow rent dues in Bhopal
भोपाल में सरकारी बंगले से नवभारत की ग्राउंड रिपोर्टफोटो सोर्स - नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • सरकारी बंगलों का करीब 10 करोड़ रुपए किराया और जुर्माना बकाया, 23 बकायादारों को नोटिस जारी।

  • अरविंद भदौरिया पर 19 लाख, प्रज्ञा सिंह पर 18 लाख और प्रभुराम चौधरी पर 17 लाख रुपए बकाया।

  • नरोत्तम मिश्रा और यशोधरा राजे सिंधिया ने जमा किया पूरा बकाया।

Government Bungalow Rent Dues in Bhopal : राजधानी भोपाल में पूर्व मंत्रियों, विधायकों, पूर्व सांसदों, सेवानिवृत्त अधिकारियों और अन्य प्रभावशाली लोगों के सरकारी बंगलों पर कब्जा बनाए रखने का मामला सामने आया है। आवंटन अवधि समाप्त होने के बावजूद कई लोगों ने सरकारी आवास खाली नहीं किए हैं और किराया व जुर्माना भी जमा नहीं कराया है।

संपदा संचालनालय के आंकड़ों के अनुसार सरकारी आवासों के किराए और दंडात्मक राशि को मिलाकर करीब 10 करोड़ रुपए बकाया हैं। विभाग ने कार्रवाई करते हुए अब तक 23 बकायादारों को बंगले खाली करने और बकाया जमा कराने के नोटिस जारी किए हैं।

नए नियमों के बाद सिर्फ दो पूर्व मंत्रियों ने पूरा बकाया चुकाया

नई दंडात्मक किराया दरें लागू होने के बाद अब तक केवल दो पूर्व मंत्रियों ने अपना पूरा बकाया जमा कराया है। जिसमें पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने चार इमली स्थित बी 6 बंगले का 9.45 लाख रुपए से अधिक किराया और जुर्माना चुकाया था। जिसका भुगतान दतिया उपचुनाव से ठीक पहले किया गया था। वहीं, पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने 45 बंगला स्थित ई 38 आवास का करीब 9 लाख रुपए बकाया जमा कराया। उन्होंने 85 हजार रुपए की अंतिम किस्त 19 नवंबर को चुकाई।

कई पूर्व जनप्रतिनिधियों पर लाखों रुपए बकाया

विभाग के उपलब्ध डाटा के अनुसार पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया पर करीब 19 लाख रुपए, पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह पर 18 लाख रुपए और पूर्व मंत्री एवं विधायक प्रभुराम चौधरी पर 17 लाख रुपए बकाया बताए गए हैं। इसके अलावा अन्य पूर्व जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से भी सरकारी आवासों का किराया वसूलना बाकी है। विभाग की ओर से बंगलों पर नोटिस चस्पा किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व मंत्री मीना सिंह के बंगले पर भी नोटिस लगाया गया है।

जयभान सिंह पवैया को बंगला खाली होने का इंतजार

सरकारी आवासों पर कब्जा बने रहने का असर नए आवंटियों पर भी पड़ रहा है। छठे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया को कैबिनेट मंत्री का दर्जा और आयोग की जिम्मेदारी संभाले करीब नौ महीने हो चुके हैं लेकिन भोपाल में उन्हें अब तक सरकारी आवास नहीं मिल पाया है। शासन ने दो महीने पहले उन्हें चौहत्तर बंगले का बी 29 आवास आवंटित किया था। हालांकि, पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह द्वारा ये बंगला खाली नहीं किए जाने के कारण पवैया को अब तक इसका कब्जा नहीं मिल सका है। उनके पास भोपाल में निजी आवास भी नहीं है।

30 जनवरी 2026 से लागू हैं नए दंडात्मक किराया नियम

मध्यप्रदेश सरकार ने शासकीय आवास आवंटन नियम 2000 में संशोधन को 28 अक्टूबर 2025 को कैबिनेट की मंजूरी दी थी। इसके बाद गृह विभाग ने 30 जनवरी 2026 से नई व्यवस्था लागू की। इसके तहत सेवानिवृत्ति के बाद पहले तीन महीने तक सामान्य किराए पर सरकारी आवास रखने की अनुमति है।

अगले तीन महीने यानी तीसरे से छठे महीने तक सामान्य किराए का 10 गुना किराया देना होगा। 6 महीने बाद भी आवास खाली नहीं करने पर 30 गुना दंडात्मक किराया लगेगा जो हर महीने 10 प्रतिशत की दर से बढ़ेगा।

Government bungalow rent dues in Bhopal
उज्जैन में श्रृंगेरी पीठ के आश्रम का लोकार्पण, सीएम बोले- सिंहस्थ तक बनेंगे सभी शंकराचार्यों के मठ

पुराने बकाये पर पूरे समय का 30 गुना जुर्माना नहीं

नए नियमों में ये भी स्पष्ट किया गया है कि दंडात्मक किराए की नई दरें लागू होने के बाद की अवधि पर ही प्रभावी होंगी। पुराने 15 साल के बकाये पर पूरी अवधि के लिए 30 गुना जुर्माना नहीं लगाया जा सकता। ऐसे में विभाग के सामने बकाया वसूली के साथ सरकारी आवास खाली कराने की चुनौती भी बनी हुई है।