दतिया में उपचुनाव के बाद खत्म होगी गुटबाजी? भोपाल की बैठक में साथ बैठे नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी

Datia BJP Factionalism After By Election : दतिया उपचुनाव के बाद भाजपा की गुटबाजी के बीच नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी भोपाल की बैठक में साथ बैठे। जिला कार्यकारिणी के गठन पर मंथन हुआ।
narottam mishra meeting
आशुतोष तिवारी के साथ मीटिंग में दिखे नरोत्तम मिश्राफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • दतिया उपचुनाव के बाद पहली बार एक बैठक में साथ दिखे नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी।

  • प्रभारी मंत्री एदल सिंह कंसाना के भोपाल स्थित निवास पर हुई बैठक।

  • जिला कार्यकारिणी और मंडलों के गठन पर नेताओं ने किया मंथन।

  • ग्वालियर की प्रस्तावित लोकतंत्र बचाओ यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा।

Narottam Mishra Ashutosh Tiwari Meeting : दतिया उपचुनाव में मिली हार के बाद भाजपा में सामने आई गुटबाजी के बीच अब संगठन को एकजुट करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। लंबे समय से एक-दूसरे से दूरी बनाए हुए पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी गुरुवार को भोपाल में एक ही बैठक में शामिल हुए।

बैठक में दतिया जिला कार्यकारिणी और मंडलों के गठन को लेकर चर्चा हुई। दोनों नेताओं का एक साथ बैठक में शामिल होना जिले की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

प्रभारी मंत्री के बंगले पर जुटे दतिया के नेता

दतिया के प्रभारी मंत्री एदल सिंह कंसाना के भोपाल स्थित निवास पर हुई बैठक में चंबल संभाग के प्रभारी डॉ. अभय यादव सहित जिले के प्रमुख नेता मौजूद रहे। बैठक में सांसद संध्या राय, सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल, भांडेर के पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया, नरोत्तम मिश्रा, आशुतोष तिवारी और जिला अध्यक्ष माधवेन्द्र सिंह परिहार शामिल हुए। नेताओं के बीच जिला कार्यकारिणी के गठन और संगठन के अन्य पदों पर नियुक्तियों को लेकर मंथन किया गया।

उपचुनाव की हार के बाद बढ़ गई थीं दूरियां

दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पार्टी ने तत्कालीन जिला अध्यक्ष रघुवीर शरण कुशवाहा सहित जिले की संगठनात्मक इकाइयों को भंग कर दिया था। बाद में माधवेन्द्र सिंह परिहार को नया जिला अध्यक्ष बनाया गया, लेकिन गुटीय मतभेदों के चलते नई कार्यकारिणी और मंडलों का गठन आगे नहीं बढ़ पाया।

आशुतोष के बयान के बाद बढ़ी थी सियासी तल्खी

चुनाव परिणाम आने के बाद आशुतोष तिवारी ने बिना नाम लिए डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर निशाना साधा था। इसके बाद जिले में भाजपा के भीतर दो गुटों की चर्चा तेज हो गई थी। जिला अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद भी दोनों नेता किसी संगठनात्मक बैठक में एक साथ नजर नहीं आए थे। ऐसे में गुरुवार की बैठक में उनकी मौजूदगी को आपसी समन्वय की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

संगठन गठन से पहले गुटों में तालमेल की कोशिश

पार्टी के सामने अब जिला कार्यकारिणी और मंडलों का गठन पूरा करने की चुनौती है। इसके लिए जिले के प्रभावशाली नेताओं के बीच सहमति बनाना जरूरी माना जा रहा है। बैठक में संगठनात्मक नियुक्तियों पर चर्चा इसी दिशा में एक कदम है। हालांकि, दोनों नेताओं के एक साथ बैठक में शामिल होने से गुटबाजी पूरी तरह खत्म हो गई है, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी।

narottam mishra meeting
छतरपुर में बागेश्वर धाम के समर्थकों ने हाईवे किया जाम, यादव महासभा के प्रदर्शन से पहले तनाव, अलर्ट पर पुलिस

ग्वालियर की लोकतंत्र बचाओ यात्रा पर भी चर्चा

बैठक में ग्वालियर में प्रस्तावित 'लोकतंत्र बचाओ' यात्रा की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। संगठनात्मक नियुक्तियों के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारी पर विचार-विमर्श से साफ है कि पार्टी दतिया में संगठन को फिर सक्रिय करने की कोशिश कर रही है। अब देखना होगा कि भोपाल की यह बैठक जिले में लंबे समय से अटकी संगठनात्मक प्रक्रिया को कितना आगे बढ़ा पाती है।