कमर्शियल LPG सिलेंडर फिर महंगा, तीन महीने में करीब 1300 रुपए बढ़े दाम, देखें MP के शहरों की रेट लिस्ट
LPG Cylinder Price Hike: मध्य प्रदेश में कमर्शियल LPG सिलेंडर 44 रुपए तक महंगा हो गया है। तीन महीने में करीब 1300 रुपए की बढ़ोतरी से होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग और शादी समारोहों की लागत बढ़ गई है।
- Written By: प्रीतेश जैन
गैस सिलेंडर (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Commercial Gas Cylinder Price In MP: कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें रविवार से लागू हो गई हैं, जिसके बाद मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम 44 रुपए तक बढ़ गए हैं।
LPG सिलेंडर की लगातार बढ़ रही कीमतों का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग व्यवसाय और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि गैस महंगी होने से बाहर खाना खाने की लागत बढ़ेगी, वहीं आगामी शादी सीजन में आयोजन करना भी पहले से अधिक खर्चीला हो सकता है।
बड़े शहरों में सिलेंडर के दाम
नई दरों के अनुसार राजधानी भोपाल में कमर्शियल गैस सिलेंडर अब 3116.50 रुपए में मिलेगा। वहीं इंदौर में इसकी कीमत 3222.50 रुपए, जबलपुर में 3290 रुपए, ग्वालियर में 3338.50 रुपए और उज्जैन में 3250 रुपए हो गई है। पिछले तीन महीनों के दौरान कमर्शियल सिलेंडर के दामों में करीब 1300 रुपए तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे पहले 1 मई को भी कीमतों में इजाफा किया गया था।
सम्बंधित ख़बरें
केन-बेतवा परियोजना पर उमंग सिंघार का बड़ा हमला, बोले- जमीन अधिग्रहण से लेकर मुआवजे तक हर स्तर पर हुई गड़बड़ी
Rewa News:किताबों की जगह स्कूली बच्चों के हाथ में थमाई झाड़ू, सफाई का वीडियो वायरल, जांच के आदेश
दतिया की राह में दिखा लोकतांत्रिक सौहार्द: आमने-सामने बैठे भाजपा-कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, उपचुनाव पर हुई चर्चा
इंदौर ड्रग्स केस में नया खुलासा: ऑनलाइन सट्टे और प्रॉपर्टी नेटवर्क तक पहुंची जांच, नाना पटवारी का मोबाइल जब्त
60% तक महंगा हुआ सिलेंडर
कमर्शियल गैस के बढ़ते दामों का असर अब बाजार में साफ दिखाई देने लगा है। रेस्टोरेंट संचालकों ने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर पहले की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत तक महंगा हो चुका है। गैस की लागत बढ़ने से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का खर्च बढ़ गया है, जिसका असर खाने की कीमतों पर पड़ रहा है। उनके अनुसार पिछली बढ़ोतरी के बाद कई जगहों पर खाने के रेट 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ाए गए थे और आगे भी कीमतों में वृद्धि की संभावना बनी हुई है।
शादी के बजट में बढ़ोतरी
इधर कैटरर्स ने बताया कि गैस की कीमत बढ़ने से कैटरिंग व्यवसाय की लागत में भी बड़ा अंतर आया है। उन्होंने कहा कि 500 लोगों के लिए तैयार किए जाने वाले लगभग 5 लाख रुपए के भोजन बजट में अब 45 से 50 हजार रुपए तक अतिरिक्त खर्च जुड़ गया है। आने वाले महीनों में प्रदेश में 20 हजार से अधिक शादियां प्रस्तावित हैं, ऐसे में परिवारों पर आर्थिक बोझ और बढ़ सकता है।
ये भी पढ़ें : MP Weather Update: मध्य प्रदेश में गर्मी पर बारिश का ब्रेक, लेकिन मानसून की एंट्री होगी लेट, आज यहां अलर्ट
लोगों की जेब पर बढ़ा दबाव
पिछले तीन महीनों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में चार बार बढ़ोतरी हो चुकी है। इसका सीधा असर रेस्टोरेंट उद्योग और उपभोक्ताओं दोनों पर पड़ रहा है। लगातार बढ़ती लागत के कारण होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को मेन्यू दरों में संशोधन करना पड़ रहा है, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है।
