MP Weather Update: मध्य प्रदेश में गर्मी पर बारिश का ब्रेक, लेकिन मानसून की एंट्री होगी लेट, आज यहां अलर्ट

Madhya Pradesh Monsoon Delay: मध्य प्रदेश में नौतपा के बीच बारिश और आंधी के दौर से तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून आने में देरी हो सकती है।
Monsoon Arrival In Akola
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Monsoon Arrival In MP: मध्य प्रदेश में इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री सामान्य समय से कुछ दिन देरी से हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून 20 से 22 जून के बीच पहुंचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि जून महीने में वर्षा का आंकड़ा सामान्य से कम रह सकता है, हालांकि शुरुआती दिनों में कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा।

प्रदेश में 1 से 4 जून तक मौसम सक्रिय रहने के संकेत हैं। सोमवार को धार और खरगोन के लिए ओलावृष्टि और तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा समेत कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं, बारिश और ओले गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

बारिश से गिरा तापमान

पिछले कुछ दिनों से लगातार बदल रहे मौसम का असर तापमान पर भी दिखाई दिया है। नौतपा के दौरान जहां भीषण गर्मी की आशंका थी, वहीं कई जिलों में हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे नीचे आ गया। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान शाजापुर में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बड़े शहरों में गर्मी से राहत

बड़े शहरों में भी गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम रहा। इंदौर में 36.3 डिग्री, जबलपुर में 36.4 डिग्री, ग्वालियर और उज्जैन में 37.5 डिग्री तथा भोपाल में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शाजापुर, राजगढ़ और नरसिंहपुर उन चुनिंदा जिलों में शामिल रहे जहां पारा 40 डिग्री से ऊपर पहुंचा।

मौसम में उतार-चढ़ाव

मई का महीना मौसम के लिहाज से बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा। महीने की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ हुई, जबकि मध्य मई के बाद तेज गर्मी ने प्रदेश को झुलसा दिया। इस दौरान कई शहरों में तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई और खजुराहो में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। नौतपा शुरू होने के बाद भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार आंधी और बारिश का सिलसिला बना रहा, जिससे भीषण गर्मी का असर कुछ हद तक कम हुआ।

मानसून आने में देरी

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक नौतपा का प्रभाव रहेगा, लेकिन इसके साथ ही कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां भी जारी रह सकती हैं। जून के पहले सप्ताह में मौसम अपेक्षाकृत नरम रहने की संभावना है, जबकि मानसून की दस्तक के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com