नौरादेही में CM मोहन यादव ने छोड़े 2 चीते, कहा- चीतों की बसाहट के लिए MP सबसे बेहतर, अगले महीने फिर आएंगे 2

Veerangana Durgavati Tiger Reserve : CM मोहन यादव ने नौरादेही वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में 2 चीते छोड़े। बोले- मध्यप्रदेश चीतों की बसाहट के लिए अनुकूल है, अगले महीने फिर 2 चीते आएंगे।
CM Mohan Yadav releasing two cheetahs
सीएम मोहन यादव ने रिलीज किए चीतेफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

CM Mohan Yadav Cheetah Release : मध्यप्रदेश की वाइल्डलाइफ के लिए 7 अक्टूबर का दिन अहम रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर स्थित नौरादेही वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीतों को रिलीज किया। यहां आयोजित वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने गिद्ध संख्या आंकलन-2026 रिपोर्ट जारी की और बुंदेलखंडी भाषा में लिखी गई ‘वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व’ पुस्तक का विमोचन भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चीतों की बसाहट के लिए मध्यप्रदेश की धरती सबसे अनुकूल है। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि अगले महीने यहां दो और चीते छोड़े जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नौरादेही में चीतों का नया घर अपनी अलग विशेषता रखता है। वन्य प्राणियों के संरक्षण के साथ सरकार की जिम्मेदारी ग्रामवासियों की चिंता करना भी है। उन्होंने बताया कि अभयारण्यों में आने वाले पर्यटकों से इस वर्ष करीब 80 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ है, जिसमें से 20 करोड़ रुपये आसपास के ग्रामीणों को वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से अभयारण्यों के आसपास रह रहे ग्रामीणों का पर्यटन से होने वाली आय में हिस्सा है और जिन लोगों को अभी लाभ नहीं मिल रहा है, उन्हें भी कैबिनेट के फैसले के बाद लाभ दिया जाएगा।

बफर जोन में होम स्टे की सुविधा

सीएम ने कहा कि सरकार बफर जोन में रहने वाले लोगों को होम स्टे की सुविधा से जोड़ रही है। टाइगर रिजर्व के बफर जोन में जिन लोगों के मकान हैं, वे उन्हें होम स्टे के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए सरकार दो से तीन लाख रुपये तक का अनुदान भी दे रही है। उन्होंने कहा कि इससे वन्य क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आय बढ़ाने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

पशुपालन और दूध उत्पादन को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण वर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में दूध उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों और पशुपालकों से समितियों के माध्यम से दूध खरीदकर उन्हें उसका लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन्य क्षेत्रों में खेती की जमीन कम होती है, लेकिन पशुधन अधिक होता है। ऐसे इलाकों में पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में दूध उत्पादन को लेकर बड़ा लक्ष्य तय किया गया है।

मध्यप्रदेश में 60 हुए चीते

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2022 में चीता प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी। अब प्रदेश में चीतों की संख्या 60 हो गई है। उन्होंने कहा कि कूनो नेशनल पार्क और गांधी सागर सेंचुरी के मुकाबले नौरादेही की अपनी अलग विशेषता है, क्योंकि यहां टाइगर भी हैं और अब चीते भी छोड़े जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नौरादेही में करीब 170 साल पहले चीते देखे गए थे और अब एक बार फिर यहां उनकी बसाहट शुरू की जा रही है।

वाइल्डलाइफ के लिए अनुकूल है मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती वन्य प्राणियों के लिए अनुकूल है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में देश में सबसे ज्यादा गिद्ध हैं और टाइगर की संख्या भी सबसे अधिक है। चंबल नदी में घड़ियाल, नर्मदा में मगरमच्छ और अन्य स्थानों पर विलक्षण प्रजातियों के कछुए छोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि आज दो चीते छोड़े गए हैं और अगले महीने दो और चीते लाए जाएंगे। ये चारों चीते आगे अपना परिवार बढ़ाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चीते और मनुष्य के बीच आमतौर पर संघर्ष नहीं होता, इसलिए स्थानीय लोगों को इनके साथ रहने का अनुभव आनंददायक लगेगा।

CM Mohan Yadav releasing two cheetahs
विकसित भारत संकल्प सभा में CM मोहन यादव ने थामी मशाल, बोले- गौरव और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा मध्यप्रदेश

PM मोदी को बताया टाइगर, राहुल गांधी पर तंज

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना टाइगर से करते हुए कहा कि वे देश का मान-सम्मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के सामने आत्मविश्वास के साथ अपनी नीतियां लागू कर रहा है और दूसरे देश भारत से सीखने की बात कर रहे हैं। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें ‘पप्पू’ कहा। उन्होंने कहा कि दुनिया आशा भरी निगाहों से भारत की ओर देख रही है, लेकिन जिसकी सत्ता चली गई, वह अपनी राजनीतिक इच्छा के चलते जो मन में आ रहा है, वह कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान सभी को सद्बुद्धि दे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com