विकसित भारत संकल्प सभा में CM मोहन यादव ने थामी मशाल, बोले- गौरव और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा मध्यप्रदेश

CM Mohan Yadav News : उज्जैन में विकसित भारत संकल्प सभा में CM मोहन यादव ने PM मोदी के 25 साल के सेवाकाल को नमन किया। सेवा ज्योति कलश यात्रा में मशाल थामकर सेवा संकल्प का संदेश दिया।
CM Mohan Yadav at Viksit Bharat Sankalp Sabha
विकसित भारत संकल्प सभा में सीएम मोहन यादवफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Ujjain Viksit Bharat Sankalp Sabha : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज उज्जैन के आस्था गार्डन में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में शामिल होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ वर्चुअली सुना। इसके बाद उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत आयोजित ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का मशाल जलाकर शुभारंभ किया और स्वयं हाथ में मशाल लेकर यात्रा में सहभागिता की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होना सभी के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक दिन और प्रत्येक क्षण राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा है। उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा केवल समय की गणना नहीं, बल्कि जन-जन के विश्वास, निष्ठा और समर्पण का स्वर्णिम प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

सेवा ज्योति कलश यात्रा में हाथ में थामी मशाल

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने मशाल जलाकर यात्रा को रवाना किया और स्वयं हाथ में मशाल लेकर इसमें शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाभाव, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के पुरस्कृत पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया।

बोले- 21वीं सदी भारत की होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत स्वामी विवेकानंद और महर्षि अरविंद की उस भविष्यवाणी को साकार होते देख रहा है कि 21वीं सदी भारत की होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने नई मजबूती और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए कई ऐतिहासिक संकल्पों को पूरा किया है। उन्होंने भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर और समान नागरिक संहिता की दिशा में उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए इन्हें नए भारत की तस्वीर बताया।

महाकाल लोक के बाद बढ़ा धार्मिक पर्यटन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में महाकाल लोक के निर्माण के बाद धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। उनके मुताबिक बीते वर्ष अकेले उज्जैन में लगभग 7 करोड़ और पूरे मध्यप्रदेश में लगभग 20 करोड़ श्रद्धालु और पर्यटक आए। उन्होंने कहा कि यह बदलते मध्यप्रदेश और नए भारत की तस्वीर है, जो विकास, आस्था और सांस्कृतिक गौरव के साथ आगे बढ़ रहा है।

हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के भाव के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और सेवा के इस उत्सव को जनभागीदारी का स्वरूप देने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

CM Mohan Yadav at Viksit Bharat Sankalp Sabha
PM मोदी के वर्चुअल संबोधन के दौरान सोते दिखे उज्जैन विधायक; कैमरे में कैद हुआ VIDEO

सेवा की मशाल आगे बढ़ाने का संकल्प

कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेशवासी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह और उमंग के साथ देश प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल और सेवा भावना को याद कर रहा है, उसी भावना के साथ मध्यप्रदेश सरकार सेवा की मशाल और ज्योति को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com