

भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय हर्षित की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन।
मृतक के परिजनों ने किया प्रदर्शन, सीएम हाउस से 500 मीटर पहले चक्काजाम।
परिजनों ने लगाए हर्षित राजपूत को समय पर इलाज न मिलने के आरोप।
Bhopal Jail Harshit Rajput Death Sparks Family Protest: राजधानी भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद 21 साल के छात्र की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। जानकारी के अनुसार हमीदिया हॉस्पिटल में हर्षित राजपूत की गुरुवार यानी 19 नवंबर की रात को मौत हुई थी।
जिसको लेकर परिजनों का आरोप है कि हर्षित को जेल में उसे समय पर इलाज नहीं मिला था और डॉक्टर ने पैसे मांगे थे। हर्षित की मौक के बाद परिजन शव को स्ट्रेचर पर रखकर सड़क पर उतर आए और उन्होंने मुख्यमंत्री आवास की तरफ कूच कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सीएम हाउस से 500 मीटर पहले चक्काजाम की स्थिति बना दी। इस दौरान उन्होंने पुलिस मुर्दाबाद के नारे भी लगाए साथ ही छात्र के हत्यारों को फांसी दो जैसे नारे सुनाई दिए।
हर्षित राजपूत के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जेल में बंद रहने के दौरान उसे समय पर इलाज नहीं कराया गया। इसके अलावा उन्होंने जेल सुपरिंटेंडेंट, जेलर और डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए मौके पर राजधानी भोपाल के सात थानों की पुलिस तैनात की गई।
मृतक हर्षित राजपूत के भाई का दावा है कि उन्होंने करीब दो महीने तक कोर्ट में इलाज के लिए आवेदन दिया था लेकिन इसके बावजूद भी सुनवाई नहीं हुई। जानकारी के अनुसार कोर्ट के आदेश के करीब एक घंटे बाद छात्र को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण वेंटिलेटर पर रखना पड़ा।
राजधानी भोपाल के रंगमहल इलाके में चल रहा यह विरोध प्रदर्शन फिलहाल समाप्त हो गया है लेकिन मृतक के परिजनों ने प्रशासन को साफ तौर पर अल्टीमेटम देते हुए यह कहा है कि जब तक लापरवाही के जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।