

इंदौर में सूने मकान में चोरी की वारदात, तीन नकाबपोशों ने लूटा 16 तोले से ज्यादा सोना।
घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में तीनों हुए कैद।
पड़ोसियों के शोर मचाने पर बाइक से फरार हुए बदमाश।
Gold Jewellery Theft Case Indore: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। दरअसल, इंदौर के सुदामा नगर में तीन बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बनाया और 16 तोले से ज्यादा सोना और कीमती जेवरात चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार, जिस समय वारदात को अंजाम दिया गया उस समय कोई घर में कोई भी मौजूद नहीं था क्योंकि पूरा परिवार भाई दूज मनाने के लिए घर से बाहर गया हुआ था।
यह मामला इंदौर शहर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जहां पर सूने घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने 16 तोले से ज्यादा सोना और कीमती जेवरात को साफ कर दिया। त्योहार के चलते पूरा परिवार घर से बाहर था।
जानकारी के अनुसार, तीनों बदमाशों ने वारदात को अंजाम देर रात 4 बजकर 30 मिनट पर दिया। सीसीटीवी फुटेज में तीनों बदमाश कैद तो हुए लेकिन वह तीनों ही नकाब लगाए हुए थे जिसकी वजह से उन्हें पहचाना नहीं गया। चोरों ने अलमारी के अलावा घर के कई कोनों में रखे कीमती जेवरात चोरी कर लिए।
दरअसल, चोरों ने वारदात को बड़े ही शातिर तरीके से अंजाम दिया लेकिन उन्हें घर के पास रह रहे पड़ोसियों ने देख लिया। जिसके बाद पड़ोसियों ने शोर मचाया। हालांकि जब तक और लोग इकट्ठा होकर चोरों को पकड़ पाते इतने में तो वह अपनी बाइक से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि एक बदमाश का चेहरा कुछ हद तक सीसीटीवी में दिखाई दिया है।
इस वारदात की सूचना मिलने के तुरंत बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिए। साथ ही एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया, पुलिस ने जांच के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चैक करने का काम भी शुरू कर दिया है।