

BJP Organization Social Caste Equations: भारतीय जनता पार्टी की नई संगठनात्मक टीम के गठन को लेकर नवभारत लाइव ने वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक सुधीर दंडोतिया से खास बातचीत की। चर्चा में नई टीम के गठन, सामाजिक और जातीय समीकरणों के साथ-साथ भाजपा के सामने मौजूद राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तार से बात हुई।
नई संगठन टीम में जातीय और सामाजिक समीकरणों का खास ध्यान रखा गया है। अलग-अलग वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश के जरिए पार्टी संगठन को अधिक व्यापक बनाने का संदेश दिया गया है। माना जा रहा है कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए भाजपा ने संगठन में संतुलन साधने की रणनीति अपनाई है।
नई टीम में मध्यप्रदेश की हिस्सेदारी पिछली बार की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा बताई जा रही है। ऐसे में प्रदेश के नेताओं और संगठन के लिए इसे महत्वपूर्ण राजनीतिक बढ़त के तौर पर देखा जा रहा है। मध्य प्रदेश को संगठन में मिली इस बढ़ी हुई भागीदारी के पीछे प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और भाजपा के संगठनात्मक प्रदर्शन को भी एक अहम कारण माना जा रहा है।
चर्चा के दौरान वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक सुधीर दंडोतिया ने भाजपा के सामने देश में बन रहे एंटी माहौल को भी बड़ी चुनौती बताया। नई संगठन टीम के सामने पार्टी के प्रति जनता में बन रही नाराजगी या नकारात्मक धारणा को संभालने और संगठन को जमीन पर मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी।
ऐसे में नई टीम के सामने सिर्फ संगठन का विस्तार ही नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, सामाजिक समीकरणों को साधना और जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता बनाए रखना भी बड़ी चुनौती होगी
भारतीय जनता पार्टी की नई टीम को देखें तो इसमें सामाजिक प्रतिनिधित्व और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश साफ नजर आती है। अब बड़ा सवाल यह है कि नई संगठनात्मक टीम जमीन पर पार्टी की रणनीति को किस तरह लागू करती है और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के बीच भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में कितनी सफल होती है।