राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर भाजपा का पलटवार, हेमंत खंडेलवाल बोले- कांग्रेस शासन का हिसाब भी दें

Rahul Gandhi Balaghat Visit : राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर हेमंत खंडेलवाल और BJP प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने प्रतिक्रिया दी। दोनों नेताओं ने कांग्रेस शासनकाल और नक्सलवाद पर सवाल उठाए।
BJP state president Hemant Khandelwal and state in-charge Biplab Kumar Deb
हेमंत खंडेलवाल और बिप्लब देब की प्रेस कॉन्फ्रेंसफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

BJP Reaction On Rahul Gandhi Balaghat Visit : राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी बालाघाट आ रहे हैं, उनका स्वागत है, लेकिन उन्हें जिले की वर्तमान स्थिति के साथ कांग्रेस शासनकाल के अतीत का भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने बालाघाट में नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस से सवाल किए और कहा कि राहुल गांधी को जनता के सामने यह बताना चाहिए कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद से निपटने के लिए क्या कदम उठाए गए थे।

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी को बताना चाहिए कि बालाघाट में नक्सलवाद किसके शासनकाल में पनपा। उन्होंने कांग्रेस सरकार के दौरान तत्कालीन मंत्री लिखीराम कांवरे की नक्सलियों द्वारा हत्या का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि कांग्रेस इस घटना की जिम्मेदारी से कैसे बच सकती है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या राहुल गांधी कभी लिखीराम कांवरे के परिवार के साथ बैठे और उनकी पीड़ा को समझने का प्रयास किया।

भाजपा सरकार के काम गिनाए

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से बालाघाट में नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई में सफलता मिली है। उनके मुताबिक भाजपा सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ जिले में विकास कार्यों को भी गति दी है। दूरस्थ क्षेत्रों में स्कूल, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का दावा भी उन्होंने किया।

बिप्लब देब बोले- संगठन और सरकार में बेहतर समन्वय जरूरी

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी और सांसद बिप्लब कुमार देब ने संगठनात्मक बैठक को लेकर कहा कि प्रदेश भाजपा कार्यालय में दो दिनों तक संगठन को मजबूत करने और सरकार के साथ बेहतर समन्वय पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व, पदाधिकारियों, विभागों और मोर्चों के प्रभारियों के साथ संवाद किया गया। देब ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता की जिम्मेदारी निभानी है।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

बिप्लब कुमार देब ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन और उनके लगातार फॉलोअप पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता को सेवा का माध्यम मानती है और संगठन तथा सरकार के बेहतर तालमेल का लाभ मध्यप्रदेश की जनता तक पहुंचना चाहिए।

राहुल गांधी से कांग्रेस शासन का हिसाब मांगने की बात

राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर बिप्लब देब ने कहा कि उनका स्वागत है, लेकिन आदिवासी समाज के बीच जाकर उन्हें कांग्रेस के लंबे शासनकाल के दौरान आदिवासी क्षेत्रों के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए किए गए कामों का भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केवल भाजपा से सवाल न करें, बल्कि कांग्रेस के शासनकाल का हिसाब भी जनता के सामने रखें।

BJP state president Hemant Khandelwal and state in-charge Biplab Kumar Deb
राहुल गांधी ने बालाघाट में बैगा आदिवासियों से की मुलाकात, बोले- बीमारी से निपटने में मध्य प्रदेश सरकार फेल

भाजपा ने संगठन में संवाद को बताया प्राथमिकता

बिप्लब कुमार देब ने कहा कि भाजपा में मतभेद के बजाय लोकतांत्रिक संवाद और सामूहिक निर्णय की परंपरा है। उन्होंने संगठन में शालीनता, अनुशासन और संवाद को पार्टी की कार्यसंस्कृति का हिस्सा बताया। उनके मुताबिक सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। वहीं राहुल गांधी के बालाघाट दौरे के बीच भाजपा और कांग्रेस के बीच आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, विकास और सरकारी योजनाओं को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com