

Highlights:
भोपाल में टीवी चैनल मालिक एलएन मालवीय से अड़ीबाजी का मामला।
दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर 1.5 करोड़ मांगने का आरोप।
महिला, पति और पिता के खिलाफ बाग सेवनिया थाने में FIR।
LN Malviya blackmailing case in Bhopal : भोपाल में दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर टीवी चैनल मालिक और ठेकेदार एलएन मालवीय से कथित तौर पर 1.5 करोड़ रुपये मांगने का मामला सामने आया है। बाग सेवनिया थाना पुलिस ने उनकी शिकायत पर एक महिला, उसके पति रामकुमार धाकड़ और पिता रामकृष्ण देवड़ा के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और अड़ीबाजी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी पहले भी शिकायत वापस लेने के नाम पर रकम ले चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब दोबारा बड़ी रकम की मांग की जा रही थी।
साकेत नगर निवासी एलएन मालवीय के मुताबिक, महिला के साथ उनके संबंध आपसी सहमति से बने थे। उनका दावा है कि महिला के पति को भी इसकी जानकारी थी। आरोप है कि बाद में महिला और उसके परिजनों ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी देकर उन्हें पैसे देने के लिए दबाव बनाया। शिकायतकर्ता के अनुसार, मई में दुष्कर्म की लिखित शिकायत का डर दिखाकर 5 लाख रुपये का कर्ज माफ कराया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जून में महिला ने दोबारा लिखित शिकायत दी। इसके बाद शिकायत वापस लेने और मामला खत्म करने के नाम पर 25 लाख रुपये लिए गए। मालवीय का कहना है कि इस पूरे मामले में लेनदेन और बातचीत से जुड़े साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।
एलएन मालवीय के अनुसार, महिला, उसके पति और पिता के साथ एमपी नगर स्थित उनके फ्लैट पर बातचीत हुई थी। इस दौरान तीन बार लिखित समझौते किए गए। शिकायतकर्ता का दावा है कि स्टांप पेपर पर हुए समझौते में महिला और उसके परिजनों ने संबंधों को आपसी सहमति से बने होने की बात स्वीकार की थी। साथ ही भविष्य में दुष्कर्म का केस दर्ज नहीं कराने की बात भी लिखी गई थी।
मालवीय ने पुलिस को बताया कि लिखित समझौतों और रकम के लेनदेन के बावजूद महिला का परिवार अपनी बात से मुकर गया। आरोप है कि महिला के पति रामकुमार धाकड़ ने फोन कर उनसे 1.5 करोड़ रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि कथित अड़ीबाजी और पैसों के लेनदेन से जुड़े कॉल रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज उनके पास मौजूद हैं। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर उन्होंने बाग सेवनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। भोपाल पुलिस ने महिला, उसके पति और पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।