भोपाल में पटाखा दुकान में भीषण आग, एक के बाद एक कई धमाकों से दहला बैरागढ़ रोड, लाखों का सामान जलकर हुआ खाक
Bhopal Fire News: भोपाल के बैरागढ़ रोड स्थित हलालपुरा में पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई। लगातार धमाकों से इलाका दहल उठा। दमकल की कई गाड़ियों ने साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
पटाखा दुकान में आग (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Bhopal Firecracker Shop Fire: राजधानी भोपाल के बैरागढ़ रोड स्थित हलालपुरा क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगते ही दुकान में रखे पटाखों में एक के बाद एक धमाके होने लगे, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। आग की लपटें करीब 70 फीट तक ऊपर उठती दिखाई दीं। घटना के दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सुंदर वन गार्डन के सामने स्थित सोनी पटाखा दुकान में सुबह करीब 3:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखों का स्टॉक रखा हुआ था, जिसके कारण लगातार विस्फोट होते रहे और आग तेजी से फैलती गई।
मौके पर पहुंचे कई दमकल वाहन
घटना की सूचना मिलते ही फतेहगढ़, बैरागढ़, गांधीनगर समेत कई फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। लगातार हो रहे धमाकों के कारण राहत और बचाव कार्य में भी कठिनाई आई। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 7 बजे के आसपास आग पूरी तरह नियंत्रित की जा सकी।
सम्बंधित ख़बरें
1000 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला; महेंद्र गोयनका की जमानत पर मंगलवार को कोलकाता में होगी सुनवाई
भोपाल: पूर्व चीफ सेक्रेटरी एवी सिंह की ‘गालीबाज’ बहू! शिव मंदिर को दी गाली; देखें बदतमीजी का पूरा VIDEO
नवभारत लाइव के सवाल का बड़ा असर; सवाल उठते ही भोपाल पुलिस के आरक्षक ने अपनी ही बाइक का काटा चालान- देखें VIDEO
MP में मूंग खरीदी पर रार: केंद्र बोला- पहले स्वीकृत कोटा पूरा करो; नर्मदापुरम से भोपाल तक ‘क्रांति मार्च’
आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, दुकान में रखा लाखों रुपये का पटाखा और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है।
पुलिस ने एहतियातन यातायात रोका
घटना स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस भी मौके पर पहुंची और एहतियातन सड़क के एक हिस्से पर यातायात रोक दिया गया। दुकान मुख्य सड़क से सटी हुई थी, जिसके चलते फूट रहे पटाखों के टुकड़े सड़क तक पहुंच रहे थे। इसके अलावा एहतियात के तौर पर बिजली कंपनी ने भी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी।
ये भी पढ़ें : दिग्विजय सिंह पर बरसे इंदौर महापौर, बोले- “लगता है उन्हें पाकिस्तान का संविधान ज्यादा पसंद है”
बड़ा हादसा टला
गौरतलब है कि जिस क्षेत्र में यह आगजनी का हादसा हुआ, वहां से कुछ दूरी पर बड़ा पटाखा बाजार और एक पेट्रोल पंप भी स्थित है। ऐसे में समय रहते आग पर काबू पा लिया जाना बड़ी राहत माना जा रहा है। यदि आग आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
