भोपाल में किसान आंदोलन पर बड़ा अपडेट, मंत्रालय में सरकार और किसानों की बैठक शुरू; जल्द निकलेगा समाधान!
Bhopal Kisan Andolan: भोपाल में किसान आंदोलन के बीच मंत्रालय में हाई-लेवल बैठक शुरू, मंत्रियों की समिति और 15 से ज्यादा किसान प्रतिनिधियों के बीच बंद कमरे में बातचीत।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: सजल रघुवंशी
भोपाल में मंत्री और किसानों की बैठक (सोर्स- सोशल मीडिया)
Bhopal Farmers Meeting: भोपाल में जारी किसान आंदोलन के बीच बुधवार को मंत्रालय में सरकार और किसान प्रतिनिधियों के बीच अहम बैठक शुरू हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा गठित मंत्रियों की समिति किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न मांगों पर चर्चा कर रही है।
मंत्रालय के कक्ष क्रमांक 325 में चल रही इस बैठक को किसान आंदोलन के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिलहाल बैठक को लेकर मीडिया की एंट्री सीमित रखी गई है और बातचीत बंद कमरे में जारी है।
मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद
बैठक में सरकार की ओर से कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग और ओबीसी कल्याण मंत्री कृष्णा गौर शामिल हैं। इनके अलावा मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव सुदाम खाड़े, कृषि संचालक निशांत वरवड़े, भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा और भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं। अधिकारियों और मंत्रियों की मौजूदगी से साफ है कि सरकार किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है।
सम्बंधित ख़बरें
भोपाल में फूटा किसानों का भयंकर गुस्सा; पुलिस और प्रशासन के उड़े होश, नेताओं की एंट्री पर लगा बैन? देखें VIDEO
भोपाल में किसानों का भारी बवाल! कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर के बाहर जुटे प्रदर्शनकारी, मचा हड़कंप
सीएम हाउस की तरफ बढ़े प्रदर्शनकारी किसान, शहर में जगह-जगह लगा जाम; MP नगर समेत कई इलाके हुए अस्त व्यस्त
भोपाल में बेकाबू हुआ किसान आंदोलन! बैरिकेड्स उखाड़ बसों पर चढ़े प्रदर्शनकारी, रानी कमलापति स्टेशन की तरफ कूच
15 से अधिक किसान प्रतिनिधि रख रहे अपना पक्ष
बैठक में किसान संगठनों की ओर से 15 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। किसान अपनी प्रमुख मांगों को सरकार के सामने विस्तार से रख रहे हैं। इनमें ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी का कोटा बढ़ाने, खाद की ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने, किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने और अन्य कृषि संबंधी मुद्दे प्रमुख हैं। दोनों पक्षों के बीच आंदोलन समाप्त कराने और व्यावहारिक समाधान तलाशने को लेकर चर्चा जारी है।
समाधान की उम्मीद, बैठक पर सबकी नजर
राजधानी भोपाल में कई दिनों से चल रहे किसान आंदोलन के बीच इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि संवाद के जरिए किसानों की समस्याओं का समाधान निकाला जाए और आंदोलन का शांतिपूर्ण अंत हो।
यह भी पढ़ें: भोपाल में किसानों का भारी बवाल! कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर के बाहर जुटे प्रदर्शनकारी, मचा हड़कंप
वहीं, किसान प्रतिनिधि भी अपनी मांगों पर ठोस निर्णय की उम्मीद लेकर बैठक में शामिल हुए हैं। अब सभी की नजर इस वार्ता के नतीजों पर टिकी है कि क्या सरकार और किसानों के बीच सहमति बन पाती है या आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
