हेमंत खंडेलवाल की कार्यकर्ताओं को नसीहत, बोले- पद का अहंकार न करें, आचरण नहीं बदला तो इतिहास माफ नहीं करेगा

Hemant Khandelwal Indore Visit : इंदौर में हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को पद का अहंकार छोड़ने और पुराने कार्यकर्ताओं के त्याग का सम्मान करने की नसीहत दी। OBC आरक्षण पर भी सरकार के कदमों की बात कही।
Hemant Khandelwal during a BJP organizational meeting in Indore
बीजेपी की बैठक में हेमंत खंडेलवालफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को पद का अहंकार न करने की नसीहत दी।

  • बोले- आचरण नहीं बदला तो इतिहास माफ नहीं करेगा।

  • पुराने कार्यकर्ताओं के संघर्ष और त्याग का सम्मान करने की अपील।

  • OBC आरक्षण पर कहा- भाजपा वचनबद्ध है, सरकार जरूरी कदम उठाएगी।

Hemant Khandelwal BJP Meeting : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इंदौर दौरे पर संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया और सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने पद के अहंकार से दूर रहने की नसीहत दी। खंडेलवाल ने कहा कि पद आज है, कल नहीं। यदि आचरण नहीं बदला तो इतिहास माफ नहीं करेगा।

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कोई आज पार्टी का अध्यक्ष, मंत्री या विधायक है, लेकिन पद हमेशा उसके पास नहीं रहेगा। पद मिलने से पहले भी जीवन था और पद से हटने के बाद भी जीवन रहेगा। इसलिए किसी को अपने पद का अहंकार नहीं करना चाहिए। उन्होंने भाजपा के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय मंडल स्तर पर दो कार्यकर्ताओं को जुटाना भी मुश्किल होता था। आज पार्टी की मेहनत और समर्पण के कारण हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम खड़ी है। यह पुराने कार्यकर्ताओं की तपस्या और त्याग का परिणाम है।

पुराने कार्यकर्ताओं के संघर्ष को याद रखने की अपील

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में पुराने कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यदि उनके संघर्ष और समर्पण को भुला दिया गया, तो पार्टी अपनी मूल विचारधारा और दिशा से भटक सकती है। उन्होंने वर्तमान कार्यकर्ताओं से उन लोगों के योगदान का सम्मान करने की अपील की, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में संगठन को खड़ा करने और आगे बढ़ाने के लिए काम किया।

आने वाली पीढ़ी भी करेगी त्याग का सम्मान

खंडेलवाल ने कहा कि देश को सुरक्षित और आतंकवाद मुक्त बनाने की विचारधारा के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी इन कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों की तरह सम्मान की दृष्टि से देखेगी। उन्होंने संगठन की विचारधारा के प्रति निष्ठा बनाए रखने और जनसेवा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

सेवा संकल्प अभियान के कार्यों की समीक्षा

इंदौर दौरे के दौरान खंडेलवाल ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की। साथ ही, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर जोर दिया।

Hemant Khandelwal during a BJP organizational meeting in Indore
OBC आरक्षण पर जबलपुर हाईकोर्ट के फैसले के बाद घमासान; मंत्री प्रहलाद पटेल बोले- सुप्रीम कोर्ट जाएगी सरकार

OBC आरक्षण पर बोले, सरकार जरूरी कदम उठाएगी

OBC आरक्षण के मुद्दे पर हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में तथ्यों की जांच किए बिना दिए गए दस्तावेजों के आधार पर निर्णय हुआ था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इस विषय पर चर्चा हुई है। खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा OBC आरक्षण के लिए वचनबद्ध है और सरकार इस मामले में जरूरी कदम उठाएगी। उनके इस बयान के बाद प्रदेश में OBC आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा में आ गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com