आशीर्वाद का दीया: 3.55 करोड़ दीपों से रोशन हुआ मध्यप्रदेश, उज्जैन में 33 लाख से ज्यादा दीपों का वर्ल्ड रिकॉर्ड

Madhya Pradesh Deepotsav : PM नरेंद्र मोदी के 77वें जन्मदिन पर MP में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में 3.55 करोड़ दीप जलाए गए। उज्जैन में 33 लाख से ज्यादा दीपों का आयोजन हुआ।
Aashirwad Ka Diya Ujjain Deepotsav
उज्जैन में जलाए गए 33 लाख से ज्यादा दीपफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

MP Aashirwad Ka Diya : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 77वें जन्मदिन पर गुरुवार को मध्य प्रदेश में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत बड़े स्तर पर दीपोत्सव मनाया गया। प्रदेश के सीपीआरओ मनीष सिंह के मुताबिक, पूरे मध्य प्रदेश में एक साथ 3 करोड़ 55 लाख दीप जलाए गए। प्रदेश के अलग-अलग शहरों और धार्मिक स्थलों पर दीपों से विशेष सजावट की गई।

उज्जैन में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का सबसे बड़ा आयोजन हुआ। शिप्रा नदी के घाटों, महाकाल लोक और शहर के मकानों-दुकानों में 33 लाख से ज्यादा दीप प्रज्वलित किए गए। इस आयोजन के साथ उज्जैन ने सबसे ज्यादा दीये जलाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया।

नितिन नवीन और CM मोहन यादव ने जलाया पहला दीया

उज्जैन के रामघाट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। सायरन बजते ही करीब 25 हजार वॉलेंटियर्स ने शिप्रा नदी के दोनों तटों और महाकाल लोक में एक साथ दीप जलाए। इसके बाद शिप्रा आरती की गई।

दीयों से बनाया प्रधानमंत्री का चित्र

कार्तिक मेला ग्राउंड पर दीयों की मदद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र भी बनाया गया। इसके बाद उज्जैन में 33 लाख से ज्यादा दीप प्रज्वलित किए जाने की जानकारी दी गई और इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए जाने से जोड़ा गया।

Ujjain PM Modi Deepotsav
दीपों से बनाया गया पीएम मोदी का चित्रफोटो सोर्स- सोशल मीडिया

इंदौर और ओरछा में 5-5 लाख दीप

इंदौर के राजवाड़ा को रंगोली और रंगबिरंगी रोशनी से सजाया गया। यहां करीब 5 लाख दीप जलाए गए। वहीं ओरछा के रामराजा मंदिर में भी 5 लाख दीप प्रज्वलित हुए। इससे शीशमहल, जहांगीर महल परिसर, लक्ष्मी मंदिर और कंचना घाट दीपों से जगमगा उठे।

छतरपुर और मैहर में भी भव्य दीपोत्सव

छतरपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत 5 लाख 44 हजार 250 दीप जलाए गए। खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह में 1.11 लाख दीप प्रज्वलित हुए, जबकि जिले के 10 आइकॉनिक स्थलों पर भी दीपोत्सव हुआ। मैहर जिले में कुल 4 लाख 86 हजार दीप जलाए गए। शारदा देवी मंदिर परिसर में 1 लाख 11 हजार दीप प्रज्वलित किए गए।

भोपाल में 7 लाख, बैतूल में एक लाख दीप

भोपाल में एमपी नगर, न्यू मार्केट और वीआईपी रोड समेत कई स्थानों पर करीब 7 लाख दीप जलाए गए। बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में एक लाख दीपों के साथ दीपोत्सव मनाया गया।

जबलपुर के गौरीघाट पर जले 1 लाख 11 हजार 111 दीप

जबलपुर के नर्मदा तट गौरीघाट पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत भव्य दीपोत्सव हुआ। यहां 1 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी के बीच मां नर्मदा की महाआरती की गई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, विधायक, भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बड़ी संख्या में शहरवासी भी गौरीघाट पहुंचे और दीप जलाकर आयोजन में सहभागिता की।

Jabalpur Deepotsav
जबलपुर में जलाए गए 1 लाख से ज्यादा दीपकफोटो सोर्स- सोशल मीडिया

रतलाम में PM का चेहरा और मंदसौर में भारत का नक्शा

रतलाम में तीन प्रमुख स्थानों पर करीब 70 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। कालिका माता मंदिर परिसर में 25 हजार दीपों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा और भारत माता का नक्शा बनाया गया। मंदसौर जिले के गरोठ में दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे टोल पर सेवा संकल्प अभियान 2026 को लेकर दीपों से भारत का नक्शा बनाया गया।

Mandsaur Deepotsav
मंदसौर में दीपों से बनाया गया भारत का नक्शाफोटो सोर्स- सोशल मीडिया

ओंकारेश्वर और ग्वालियर में भी दीपोत्सव

ओंकारेश्वर में 11 हजार दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। ग्वालियर के बैजाताल पर भी करीब 11 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। बारिश के कारण ग्वालियर में कार्यक्रम करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुआ।

Aashirwad Ka Diya Ujjain Deepotsav
Ujjain Mahakal: नितिन नवीन ने भस्म आरती में किए बाबा महाकाल के दर्शन, देश की यश-कीर्ति के लिए मांगा आशीर्वाद

नर्मदापुरम में 51 हजार दीपों से बनी गणेश आकृति

नर्मदापुरम के सेठानी घाट को 51 हजार दीपों से सजाया गया। यहां फूलों से भगवान गणेश की 12 फीट ऊंची आकृति बनाई गई और मां नर्मदा की महाआरती की गई। मंदसौर में पशुपतिनाथ लोक प्रांगण में करीब 51 हजार दीप जलाए गए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com