भंवरकुआ चौराहे पर नीट प्रदर्शन को लेकर पुलिस की चेतावनी, बिना अनुमति चल रहे धरने को बताया अवैध
NEET Protest:इंदौर के भंवरकुआ चौराहे पर पिछले कुछ दिनों से जारी नीट परीक्षा के विरोध में चल रहे बिना अनुमति वाले धरने को लेकर पुलिस ने छात्रों और कोचिंग संचालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
- Written By: अंशुल मुकाती
इंदौर के भवरकुवा चौराहे पर चल रहा प्रदर्शन (फोटो सोर्स - नवभारत)
Indore Police Warn NEET Protesters: इंदौर के भंवरकुआ चौराहे पर नीट परीक्षा के विरोध में चल रहे धरने को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। भंवरकुआ थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह प्रदर्शन बिना प्रशासनिक अनुमति के संचालित किया जा रहा है, इसलिए इसे अवैध माना जा रहा है। पुलिस ने छात्रों और कोचिंग संस्थानों को इस संबंध में सतर्क रहने की अपील की है।
प्रदर्शनकारियों की हो रही वीडियोग्राफी
पुलिस के अनुसार धरना स्थल पर मौजूद लोगों की लगातार वीडियोग्राफी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति की भूमिका कानून के उल्लंघन में पाई जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की चेतावनी
भंवरकुआ पुलिस ने अपने संदेश में कहा है कि वीडियो साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए जा सकते हैं। पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी ऐसे आयोजन का हिस्सा बनने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जानकारी अवश्य लें।
सम्बंधित ख़बरें
राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन, हिरासत में जीतू पटवारी समेत कई नेता
राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सागर में कांग्रेस का प्रदर्शन; PM मोदी का फूंका पुतला
सागर में सुबह की सैर बनी आखिरी सफर! अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक मौत, पुल पर मिला शव
MP UCC Bill: लिव-इन में रहना अब इतना आसान नहीं! कानून तोड़ते ही होगी जेल या भारी कार्रवाई? देखें VIDEO
कोचिंग संचालकों से भी किया अनुरोध
पुलिस ने इंदौर शहर के सभी कोचिंग संचालकों से अनुरोध किया है कि वे अपने संस्थानों में अध्ययनरत छात्रों को इस संबंध में जानकारी दें। पुलिस का कहना है कि छात्रों को कानून व्यवस्था और प्रशासनिक नियमों के प्रति जागरूक करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस की अपील
भंवरकुआ पुलिस ने कहा है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना सभी का अधिकार है, लेकिन किसी भी प्रकार का प्रदर्शन संबंधित प्रशासनिक अनुमति और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए ही किया जाना चाहिए। पुलिस ने छात्रों से अफवाहों से बचने और कानून का पालन करने की अपील की है।
