बालाघाट: बंदूक की नोक पर सराफा व्यापारी से लाखों की लूट, फायरिंग के बाद लाठियों से किया हमला, हालत गंभीर
Balaghat Crime News : बालाघाट के लांजी में सराफा व्यापारी से बंदूक की नोक पर 8-9 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए गए। विरोध करने पर बदमाशों ने लाठी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
- Reported By: मनीष तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
लांजी पुलिस थाना (फोटो सोर्स- नवभारत)
Balaghat Jeweller Robbery: बालाघाट के लांजी थाना क्षेत्र में रविवार रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने बंदूक की नोक पर सराफा व्यवसायी से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए और विरोध करने पर उनके सिर पर लाठियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लांजी स्थित कामना ज्वेलर्स के संचालक कपिल आसटकर रविवार रात अपनी दुकान बंद कर रोजाना की तरह सोने-चांदी के कीमती जेवर 2 बैग में रखकर घर जा रहे थे। जैसे ही वह अपने घर के पास स्थित गली में मुड़ने लगे, तभी दो बाइक पर सवार करीब आठ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। पीड़ित कपिल आसटकर ने बताया कि बदमाश उनके हाथ से जेवरों से भरे थैले छीनने का प्रयास करने लगे।
आरोपियों ने की फायरिंग
व्यापारी ने जब उन्होंने विरोध किया और बैग नहीं छोड़े, तो आरोपियों ने बंदूक से फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। इसके बाद एक बदमाश ने उनके सिर पर लाठी से लगातार सात-आठ वार कर दिए, जिससे वह मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े। व्यापारी के गिरते ही बदमाश दोनों बैग लेकर फरार हो गए।
सम्बंधित ख़बरें
करोड़ो की जमीन विवाद में पुलिस पर हमले के चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर होगा खुलासा
मध्य प्रदेश का मौसम अपडेट: 40 जिलों में येलो अलर्ट, आज इन जिलों में अत्यधिक बारिश की संभावना
Amravati Police: अमरावती में दूसरी बेटी जन्म लेने पर महिला से क्रूरता, पति-ससुर के खिलाफ केस
सांगली में प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, झूठी कहानी रचकर पुलिस को किया गुमराह
घायल व्यापारी गोंदिया रेफर
बताया जा रहा है कि दोनों बैग में करीब 8 से 9 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवरात रखे हुए थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी आमगांव मार्ग की ओर भागते दिखाई दिए। घटना में गंभीर रूप से घायल कपिल आसटकर को परिजन तत्काल सिविल अस्पताल लांजी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर कर दिया गया।
अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के मुताबिक, कपिल आसटकर की दुकान पुराने पंचायत कार्यालय के समीप स्थित कॉम्प्लेक्स में है, जबकि उनका घर वहां से करीब 700 मीटर दूर कलार समाज मंगल भवन के पास है। जिस समय वारदात हुई, उस दौरान लांजी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी बाधित थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने अंधेरे का फायदा उठाकर पूरी वारदात को अंजाम दिया।
ये भी पढ़ें : मध्य प्रदेश का मौसम अपडेट: 40 जिलों में येलो अलर्ट, आज इन जिलों में अत्यधिक बारिश की संभावना
आरोपियों को तलाश रही पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। लांजी क्षेत्र में किसी सराफा व्यापारी से लूट की यह पहली बड़ी घटना मानी जा रही है, जिससे पुलिस के सामने अब बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
