बालाघाट में भालू का शिकार: शव के कई टुकड़े कर कुएं में फेंका, वन विभाग ने किया अंतिम संस्कार

Balaghat News: बालाघाट के पिपरटोला गांव में एक भालू का शिकार कर शव के टुकड़े कर कुएं में फेंक दिया गया। वन विभाग ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया है। मामले की जांच शुरू जारी है।
Balaghat Bear Poaching
भालू का शिकार (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Balaghat Bear Poaching : बालाघाट जिले के खैरलांजी वन परिक्षेत्र के भंडारबोड़ी सर्किल अंतर्गत ग्राम पिपरटोला में एक नर वयस्क भालू के क्षत-विक्षत शव की बरामदगी से सनसनी फैल गई है। शुरुआती जांच में मामला वन्यजीव शिकार का लग रहा है। शिकारियों ने भालू को मारकर उसके शव को 6-7 टुकड़ों में काटकर खेत के कुएं में फेंक दिया।

सुबह स्थानीय किसान जियालाल धुर्वे अपने खेत पर पहुंचे तो कुएं में किसी बड़े जानवर का शव दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। वन परिक्षेत्र अधिकारी डी.सी. वासनिक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कुएं से बाहर निकालने पर हैरान करने वाली स्थिति सामने आई। भालू का सिर धड़ से अलग किया गया था, चारों पैर काट दिए गए थे और आगे के दोनों पैरों के नाखून भी गायब थे। शव करीब 6 से 7 टुकड़ों में बिखरा पड़ा था।

शव के टुकड़े कर कुएं में फेंका

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि शिकार के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से जानबूझकर शव को टुकड़ों में काटकर कुएं में फेंका गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ, डीएफओ और सीसीएफ सहित वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई। आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया गया।

शव का किया गया अंतिम संस्कार

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार करने के बाद पशु चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद नियमानुसार भालू के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वन विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकारियों की तलाश में जुटी टीम

प्रारंभिक जांच में वन्यजीव शिकार की पुष्टि हो रही है। विभाग शिकारियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं पर गहन पड़ताल कर रहा है। दोषियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना स्थानीय स्तर पर वन्यजीव सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर रही है। वन विभाग ने आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com