मुरैना के पहाड़गढ़ जंगल में अवैध कटाई का आरोप, खैर के हजारों पेड़ काटने का दावा, जमीन कब्जा रहा भू-माफिया

Morena News: मुरैना के पहाड़गढ़ वन क्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने जंगल की जमीन पर कब्जे और सबूत मिटाने के लिए ठूंठ उखाड़कर जलाने का दावा कर जांच की मांग की।
Morena Pahadgarh Forest Illegal Tree Cutting
पेड़ों की अवैध कटाई (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Morena Pahadgarh Forest Illegal Tree Cutting: मुरैना जिले के पहाड़गढ़ वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध पेड़ कटाई के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि भू-माफिया जंगल की सरकारी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से बड़ी संख्या में बेशकीमती खैर के पेड़ काट रहे हैं। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक पहाड़गढ़ के अलावा धौधा और कन्हार वन क्षेत्र में भी खैर के पेड़ों की लगातार कटाई की जा रही है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अवैध कटाई पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

सबूत मिटाने के लिए ठूंठ उखाड़ने का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि पहले पेड़ों को कुल्हाड़ियों से काटा जाता था, लेकिन अब जेसीबी मशीनों की मदद से पेड़ों के ठूंठ भी जड़ समेत उखाड़े जा रहे हैं। आरोप है कि बाद में इन ठूंठों और लकड़ियों में आग लगाकर कटाई के निशान मिटाने की कोशिश की जा रही है। जंगल में कई स्थानों पर राख और जले हुए पेड़ दिखाई देने का भी दावा किया गया है।

मिलीभगत के भी लगाए आरोप

कुछ ग्रामीणों ने वन विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही वन विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन स्थानों पर पहले घना जंगल था, वहां अब खेती और बाउंड्रीवाल दिखाई देने लगी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सब जंगल की जमीन पर अवैध कब्जे का परिणाम है।

जांच और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध कटाई पर तत्काल रोक लगाने, जंगल की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com