अलीराजपुर में मंत्री संपत्तिया उइके के बदले सुर, पहले 'शराब कारोबारी' कहा, अब बोलीं- नागर सिंह मेरे भाई हैं

MP Political Controversy : अलीराजपुर में प्रभारी मंत्री संपत्तिया उइके के सुर बदले हुए नजर आए। पहले उन्होंने नागर सिंह चौहान को 'शराब कारोबारी' बताया था और अब कहा कि 'नागर सिंह मेरे भाई हैं'।
Sampatiya Uikey On Nagar Singh Chauhan
मंत्री संपत्तिया उइके (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Sampatiya Uikey On Nagar Singh Chauhan: अलीराजपुर जिले में प्रभारी मंत्री संपत्तिया उइके के बदले हुए राजनीतिक सुर चर्चा का विषय बन गए हैं। जोबट में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं प्रभारी मंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान को अपना "भाई" बताया। यह बयान इसलिए सुर्खियों में है क्योंकि कुछ समय पहले बीजेपी की एक बैठक में उनके द्वारा नागर सिंह चौहान को "शराब कारोबारी" बताए जाने की चर्चा सामने आई थी।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने प्रभारी मंत्री से इस कथित बयान और विभिन्न दैनिक अखबारों में प्रकाशित खबरों को लेकर सवाल किए। मीडिया ने पूछा कि पहले दिए गए बयान और अब के बयान में बदलाव क्यों है। इस पर संपत्तिया उइके ने सीधे जवाब देने के बजाय कहा, "कुछ प्रमाण हो तो बताइए।"

कैमरों से बचते हुए चलीं गई उइके

इसके बाद मंत्री संपत्तिया उइके ने सवालों पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी और मीडिया के कैमरों से बचते हुए वहां से चली गईं। उनके इस रवैये ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

सुर्खियों में रहा था बयान

गौरतलब है कि हाल के दिनों में संपत्तिया उइके और कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के बीच मतभेदों की खबरें लगातार सुर्खियों में रही हैं। ऐसे में सार्वजनिक मंच से नागर सिंह चौहान को अपना भाई बताना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। हालांकि उन्होंने पहले दिए गए कथित बयान को लेकर कोई स्पष्ट सफाई नहीं दी।

नागर सिंह की ओर से नहीं आई कोई प्रतिक्रिया

इस पूरे घटनाक्रम के बाद विपक्ष को भी सरकार पर निशाना साधने का अवसर मिल सकता है। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रभारी मंत्री के बदले हुए बयान के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। फिलहाल इस मामले पर नागर सिंह चौहान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

https://youtu.be/iYezYQl1by4?si=pV3GVyr9Bv4dKFv8

Navbharat Live
navbharatlive.com