मुरैना में नहीं रुक रहा अवैध रेत खनन: महुआ पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त

Mahua Police Action : मुरैना के महुआ थाना पुलिस ने चंबल की अवैध रेत से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चोरी और खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Morena Illegal Sand Mining
2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Morena Illegal Sand Mining: चंबल क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ महुआ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंबल नदी की अवैध रेत से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चोरी एवं खनिज अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, महुआ थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रुधावनी मोड़ की ग्रामीण सड़क से अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली पोरसा की ओर ले जाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया। जांच के दौरान दोनों वाहनों में चंबल नदी की अवैध रेत भरी मिली, जिसके संबंध में चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

2 आरोपी गिरफ्तार

मुरैना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गौरव सिंह तोमर निवासी भीमसेन का पुरा, रूपाहटी तथा रामअवतार सिंह तोमर निवासी मोहनपुर-गोपी, सिहोनिया को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रेत चंबल के बीहड़ों में पहले से अवैध रूप से स्टॉक की गई थी। वहां से ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से रेत को पोरसा ले जाकर बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाने पहुंचा दिए हैं।

चोरी और खनिज अधिनियम के तहत केस दर्ज

महुआ थाना प्रभारी उपेंद्र पाराशर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ चोरी और खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध रेत के इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस बीहड़ों में अवैध रूप से किए गए रेत के भंडारण और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

लगातार हो रहा अवैध रेत खनन

गौरतलब है कि चंबल क्षेत्र में प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद अवैध रेत खनन और परिवहन का सिलसिला पूरी तरह नहीं थम रहा है। रेत माफिया नए-नए तरीके अपनाकर चोरी-छिपे रेत का परिवहन कर रहे हैं। ऐसे में महुआ पुलिस की यह कार्रवाई अवैध रेत कारोबार पर एक बड़ी चोट मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com