उज्जैन में महाकाल के दर पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल और संपत्तिया उइके, दर्शन कर पूजा-अर्चना की

Mahakaleshwar Temple News : उज्जैन महाकाल मंदिर में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और संपत्तिया उइके ने दर्शन किए। भस्म आरती में शामिल होकर व्यवस्थाओं और श्रद्धालु सुविधाओं की सराहना की।
Ujjain Mahakal Darshan Ministers Visit
महाकाल मंदिर में मंत्री (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Ujjain Mahakal Darshan Ministers Visit : मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में सोमवार को कैबिनेट मंत्रियों का आगमन हुआ, जहां पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की मंत्री संपत्तिया उइके भी परिवार सहित भस्म आरती में शामिल हुईं और बाबा महाकाल के दर्शन किए।

महाकाल मंदिर पहुंचने पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक हिमांशु कारपेंटर द्वारा दोनों मंत्रियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की उपस्थिति भी बड़ी संख्या में देखी गई।

मंदिर की व्यवस्थाएं बेहतर

दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में श्रद्धालुओं की सुविधाओं में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, जिसके कारण मंदिर में आने वाले भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में अब अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और व्यवस्थाएं भी पहले से बेहतर हुई हैं।

सिंहस्थ को लेकर की जा रहीं तैयारियां

उन्होंने आगामी सिंहस्थ 2028 का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बड़े धार्मिक आयोजन को लेकर अभी से सभी स्तरों पर तैयारियों और व्यवस्थाओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पुजारियों की तारीफ

कैबिनेट मंत्री ने महाकाल मंदिर की प्राचीन परंपराओं और पुजारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यहां की पवित्रता, विधि-विधान और सुचारू व्यवस्था पुजारियों की पीढ़ियों की तपस्या का परिणाम है, जिसे आज भी पूरी निष्ठा के साथ निभाया जा रहा है। उन्होंने बाबा महाकाल से प्रदेश, देश और विश्व की सुख-समृद्धि की प्रार्थना भी की।

भस्म आरती में शामिल हुईं उइके

वहीं दूसरी ओर कैबिनेट मंत्री संपत्तिया उइके ने प्रातःकालीन भस्म आरती में परिवार सहित शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि उन्हें भस्म आरती में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ और हर बार उज्जैन आने पर उन्हें एक दिव्य और आध्यात्मिक अनुभव मिलता है। उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निरंतर बेहतर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसके लिए उन्होंने मंदिर समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com