-सीमा कुमारी
आमतौर पर, घरों में त्यौहार के समय नमक पारे बनाने की विशेष चलन है, हालांकि नमक पारे किसी भी समय बनाकर खाए और खिलाए जा सकते है। ये एक ऐसी फू़ड डिश है जो लंबे वक्त तक स्टोर कर रखी जा सकती है और खराब नहीं होती है। बे वक्त अगर कभी भूख लग जाए या फिर शाम की चाय के साथ कुछ हल्का खाने का मन कर रहा हो तो भी नमक पारे एक बढ़िया विकल्प हो सकते है। इन्हें बनाना भी बहुत आसान होता है। आइए जानें इसकी आसान रेसिपी-
नमक पारे बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन लें और उसमें मैदा डाल लें। अब इसमें अजवायन, तेल और स्वादानुसार नमक डालकर सभी को अच्छी तरह से मिक्स कर लें । अब एक बर्तन में थोड़ा सा गुनगुना पानी लें और उसे मैदे के मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा डालकर आटा गूंद लें। ध्यान रहे की, आटा सख्स गूंदना है। जब आटा गूंद लें तो उसे एक कपड़े से ढंककर लगभग 20 मिनट के लिए अलग रख दें।
तय समय के बाद आटे को लें और उसकी बड़ी-बड़ी लोइयां बना लें। इसके बाद एक लोई लें और उसे चकले पर (किसी समतल सतह पर) रखकर मोटे पराठे की तरह बेल लें। इसके बाद इस बेले हुए पराठे को चाकू या किसी धारदार चीज से छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें। इसी तरह सारी लोइयों के नमक पारे बना लें।
अब एक कड़ाही में तेल डालकर उसे धीमी आंच पर गर्म करने के लिए रख दें । जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें नमक पारे डालकर आंच को मीडियम पर करें । अब नमक पारों को फ्राई होने दें । इन्हें पलट-पलट कर तब तक फ्राई करें जब तक कि इनका रंग गोल्डन ब्राउन न हो जाए। जब नमक पारे फ्राई हो जाएं तो उन्हें एक प्लेट में अलग निकाल लें । इसी तरह सभी नमक पारों को फ्राई कर लें । अंत में इनमें चाट मसाला डालकर एयर टाइट डिब्बे में स्टोर कर लें। नमक पारे अब चाय या कॉफी के साथ परोसे जाने के लिए तैयार हो चुके है।