

Hair Claw Clip Break: बालों में लगाया जाने वाला हेयर क्लॉ अकसर बहुत जल्दी टूट जाता है। कभी उसके दांत टूट जाते हैं, तो कभी बीच का जोड़ चटक जाता है और कभी स्प्रिंग इतना ढीला पड़ जाता है कि वह बालों को पकड़ना ही बंद कर देता है। अगर आपको हर हफ्ते नया हेयर क्लॉ खरीदना पड़ रहा है, तो गलती आपके बालों की नहीं है। दरअसल, हेयर क्लॉ के टूटने के पीछे उसकी बनावट और गुणवत्ता बड़ी वजह हो सकती है।
ऑनलाइन या बाजार में दो हेयर क्लॉ देखने में बिल्कुल एक जैसे लग सकते हैं, लेकिन उनके प्लास्टिक, स्प्रिंग और जोड़ की गुणवत्ता में काफी अंतर होता है। यही कारण है कि एक क्लॉ महीनों तक चल जाता है, जबकि कई क्लॉ कुछ ही हफ्तों में टूट जाता है। दूसरी ओर, बाल घने, लंबे या भारी हैं, तो हेयर क्लॉ पर पड़ने वाला दबाव और बढ़ जाता है। ऐसे में क्लॉ जल्दी टूटते हैं।
जोड़ यानी हिंज: हर बार क्लॉ खोलने और बंद करने पर इस हिस्से पर दबाव पड़ता है। कमजोर जोड़ समय के साथ टूट या चटक सकता है।
स्प्रिंग: बालों को पकड़कर रखने का काम स्प्रिंग करता है। बार-बार इस्तेमाल से खराब गुणवत्ता वाला स्प्रिंग अपनी पकड़ खो सकता है।
दांत: जरूरत से ज्यादा बाल एक साथ पकड़ने या क्लॉ को जबरदस्ती बंद करने पर इसके दांत टूट सकते हैं।
कम गुणवत्ता वाले हेयर क्लॉ में अक्सर पतला या कमजोर प्लास्टिक और कम टिकाऊ स्प्रिंग इस्तेमाल किया जाता है। ऐसा क्लॉ क्लिप देखने में ठीक लगता है, लेकिन रोजाना इस्तेमाल के दौरान उस पर लगातार दबाव पड़ता रहता है। धीरे-धीरे बालों पर पकड़ कमजोर होती जाती है और आखिरकार क्लॉ टूट जाता है या बालों में टिकना बंद कर देता है।
नया हेयर क्लॉ लेते समय सिर्फ उसका रंग, डिजाइन या कीमत न देखें। मजबूत स्प्रिंग, मजबूत हिंज, टिकाऊ सामग्री और आपके बालों के हिसाब से सही आकार ज्यादा महत्वपूर्ण हैं।