

यूपीआई से शगुन भेजते समय इन 6 गलतियों से बचें।
नकली QR कोड और व्हाट्स ऐप पर आए फर्जी शादी के कार्ड से सावधान रहें।
साइबर फ्रॉड होने पर 1930 और cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।
Wedding Season Online Fraud: शादी में शगुन या नेग देने का तरीका भी अब बदल रहा है। पहले जहां लोग लिफाफे में पैसे देते थे, लेकिन अब ऑनलाइन शगुन भेजना आसान हो गया है। शगुन के इस नए तरीके के साथ साइबर ठगी का खतरा भी बढ़ रहा है।
गलत नंबर पर पैसे भेजना, नकली QR कोड स्कैन करना या व्हाट्सऐप पर आए फर्जी शादी के कार्ड को डाउनलोड करना आपको आर्थिक नुकसान पहुंचाता है। जानिए शगुन भेजते समय किन गलतियों से बचना जरूरी है।
किसी का यूपीआई नंबर या आईडी डालने के बाद पेमेंट स्क्रीन पर रिसीवर का नाम दिखाई देता है। पैसे भेजने से पहले उसे जांच लें। सिर्फ नंबर या भेजने वाले के मैसेज पर भरोसा करके पेमेंट न करें।
शादी के वेन्यू, गिफ्ट टेबल या स्टेज पर लगा क्यूआर कोड देखकर तुरंत पेमेंट न करें। हो सकता है कि किसी ने असली कोड के ऊपर अपना नकली कोड चिपका दिया हो। स्कैन करने के बाद स्क्रीन पर दिखने वाला नाम जरूर चेक करें।
पिन का इस्तेमाल पैसे भेजने या पेमेंट को अधिकृत करने के लिए होता है, पैसे प्राप्त करने के लिए नहीं। अगर कोई शगुन भेजने या पैसे वापस करने के नाम पर आपसे पिन डालने को कहे, तो सावधान हो जाएं।
शादी का डिजिटल निमंत्रण पीडीएफ या इमेज के रूप में आता है। अगर किसी अनजान नंबर से शादी के कार्ड के नाम पर एपीके फाइल भेजी जाए, तो उसे डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। ऐसी फाइल के जरिए फोन में मैलवेयर इंस्टॉल करके पर्सनल डिटेल्स और बैंकिंग से जुड़ा डेटा चुराया जा सकता है।
अगर आप किसी नई आईडी पर पैसे भेज रहे हैं, तो पहले प्राप्तकर्ता की पहचान की पुष्टि करें। ऐसे में छोटी रकम भेजकर पहले पुष्टि कर लेना चाहिए।
पैसे भेजने के बाद ट्रांजैक्शन हिस्ट्री में जाकर पेमेंट का स्टेटस चेक करें। यूटीआर या रेफरेंस नंबर और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें। किसी तरह की शिकायत होने पर ये जानकारी काम आएगी।
साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
सरकारी पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाकर साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराएं।
संबंधित बैंक के आधिकारिक कस्टमर केयर या ब्रांच से संपर्क करें। ट्रांजैक्शन की तारीख, रकम और यूटीआर नंबर साझा करें।
संबंधित पेमेंट की हिस्ट्री में जाकर रिपोर्ट इश्यू का विकल्प चुनें।
पेमेंट का स्क्रीनशॉट, यूटीआर नंबर, संदिग्ध फोन नंबर और व्हाट्सऐप मैसेज डिलीट न करें।