

Face Wash Mistakes: सुबह चेहरा धोने के बाद आमतौर पर स्किन फ्रेश और ग्लोइंग नजर आने की उम्मीद होती है, लेकिन कई बार चेहरा साफ करने के बाद भी स्किन डल, खिंची-खिंची और थकी हुई दिखती है। इसकी वजह हमेशा स्किन पर जमी गंदगी नहीं होती। स्किन केयर रूटीन में की जाने वाली कुछ छोटी गलतियां भी इसका कारण हो सकती हैं।
सुबह चेहरा धोने के लिए गर्म पानी इस्तेमाल करने से त्वचा की प्राकृतिक नमी कम हो सकती है। इससे चेहरा धोने के बाद स्किन खिंची-खिंची और रूखी नजर आती है। चेहरे के लिए सामान्य पानी सबसे अच्छा है। ठंड के मौसम में गुनगुना पानी इस्तेमाल किया जा सकता है।
चेहरा साफ करने के चक्कर में बार-बार फेस वॉश करना या फेस वॉश की अधिक मात्रा का इस्तेमाल करना भी आपकी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे त्वचा की नमी और नेचुरल ऑयल प्रभावित होते हैं। सुबह अपने स्किन टाइप के हिसाब से हल्के क्लींजर का इस्तेमाल करें।
फेस वॉश के बाद अगर त्वचा को मॉइस्चराइज नहीं किया जाता है, तो वह रूखी और बेजान दिखती है। चेहरा धोने के तुरंत बाद त्वचा पर हल्का मॉइस्चराइजर लगाना नमी को बनाए रखने में मदद करता है।
तौलिए से चेहरे को रगड़कर सुखाना त्वचा में जलन और रैशेज पैदा कर सकता है। चेहरा सुखाते समय मुलायम या नेचुरल फाइबर से बने तौलिए का इस्तेमाल करें और हल्के हाथों से थपथपाकर पानी सुखाएं।
मॉर्निंग स्किन केयर सिर्फ फेस वॉश और मॉइस्चराइजर तक सीमित नहीं होना चाहिए। दिन में बाहर निकलते समय सनस्क्रीन लगाना जरूरी है। सूरज की यूवी किरणों के संपर्क से त्वचा पर टैनिंग और पिगमेंटेशन जैसी समस्याएं होती हैं।
सुबह की डलनेस केवल सुबह के स्किन केयर रूटीन से नहीं होता। रात में मेकअप या सनस्क्रीन ठीक से साफ न करना और त्वचा को अच्छी तरह से मॉइस्चराइज न करना भी अगले दिन त्वचा को प्रभावित करता है।
चेहरे की चमक को बनाए रखने के लिए सिर्फ बाहर से लगाए जाने वाले प्रोडक्ट्स पर निर्भर रहने की बजाए, स्किन को भीतर से भी नरीशमेंट दें। इसके लिए पर्याप्त नींद, संतुलित खान-पान, एक्टिविटी और दिनभर पर्याप्त पानी पीना स्किन हेल्थ को बेहतर बनाता है।