-सीमा कुमारी
मिक्स वेज ग्रेवी (Mix Veg Gravy Recipe) एक बड़ा ही लोकप्रिय डिश है। कई तरह की सब्जियां होने की वजह से हेल्थ के लिए तो फायदेमंद है ही, सही मात्रा में डाले गए मिर्च-मसालों से ज़ायकेदार भी होती है। आइए जानें इसकी रेसिपी।
मिक्स वेज ग्रेवी बनाने के लिए सबसे पहले पनीर को लें और उसके पीस कर लें। इसके बाद आलू, प्याज, टमाटर, फूलगोभी के भी टुकड़े कर लें। अब एक कड़ाही लें और उसमें तेल डालकर गर्म करें. जब तेल गर्म हो जाए, तो उसमें बारीक कटे प्याज को डालकर लाइट ब्राउऩ होने तक भूनें। इसमें कटा अदरक, लहसुन, काजू के टुकड़े भी डालें और उन्हें अच्छी तरह से फ्राई कर लें। इसके बाद इस मिश्रण में कटे टमाटर डालकर भूनें। जब टमाटर नरम हो जाएं तो गैस बंद कर दें और मसाले को ठंडा होने दें।
जब मसाला ठंडा हो जाए तो मिक्सी की मदद से इसका पेस्ट तैयार कर लें और पेस्ट को एक बर्तन में निकालकर अलग रखते जाएं। अब कड़ाही में जरूरत के मुताबिक तेल डालें और मीडियम आंच पर गर्म करने के लिए रख दें। जब तेल गर्म हो जाए, तो इसमें मसाला पेस्ट डालकर भूनें. थोड़ी देर बाद मसाला ग्रेवी में लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, जीरा पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालकर सभी को अच्छी तरह से मिक्स करें और भूनें।
ग्रेवी को 3-4 मिनट भूनने के बाद जब तेल छोड़ने लगे, तो इसमें कटी हुई सब्जियां और पनीर डालें। कड़छी की मदद से सभी को ग्रेवी के साथ अच्छे से मिलाएं और पकने दें। इस दौरान जरूरत के हिसाब से ग्रेवी में पानी मिला दें। अब गैस की आंच धीमी करें और सब्जी को ढककर 10 मिनट तक पकने दें। बीच-बीच में करछी की मदद से सब्जी को चलाते रहें। सब्जी तैयार होने के बाद गैस बंद कर दें। आपकी स्वाद से भरी मिक्स वेज ग्रेवी बनकर तैयार हो गई है। इसे सर्व करने से पहले बारीक कटी हरी धनिया पत्ती से सजाएं। इसके बाद रोटी, पराठा या नान के साथ परोसें।