

Hotel Booking Guide: जल्द ही छुट्टियों का सीजन शुरु हो जाएगा। छुट्टी का प्लान बनाते समय होटल का चुनाव सबसे महत्वपूर्ण हो जाता है। होटल चुनना सिर्फ कमरे की तस्वीर, व्यू और कीमत देखने तक सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि होटल की लोकेशन, रिव्यू, सुविधाएं, कैंसिलेशन पॉलिसी और सुरक्षा जैसी कई छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना चाहिए। होटल बुक करने से पहले कुछ जरूरी चीजें चेक कर लेने से बाद में होने वाली परेशानी और अतिरिक्त खर्चे से बचा जा सकता है।
सिर्फ सस्ता होटल देखकर बुकिंग न करें। यह भी देखें कि होटल आपके घूमने की जगहों, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या पब्लिक ट्रांसपोर्ट से कितनी दूरी पर है। बहुत दूर होटल लेने पर आने-जाने में समय और पैसा दोनों ज्यादा खर्च हो सकते हैं।
होटल की वेबसाइट पर दिखने वाली तस्वीरों के साथ रियल गेस्ट रिव्यू भी पढ़ें। खासकर कमरे की सफाई, स्टाफ का व्यवहार, नॉयज, बाथरूम और सुविधाओं से जुड़े हालिया रिव्यूज पर ध्यान दें। इससे आपको होटल की वास्तविक स्थिति का बेहतर अंदाजा मिलता है।
कमरे की कीमत देखकर तुरंत बुकिंग न करें। टैक्स, ब्रेकफास्ट, पार्किंग, एक्स्ट्रा बेड या दूसरे शुल्क शामिल हैं या नहीं, यह जरूर पता कर लें। इससे चेक-आउट के समय बिल देखकर हैरानी नहीं होगी।
यात्रा का प्लान कभी भी बदल सकता है। इसलिए बुकिंग से पहले देखें कि होटल की कैंसिलेशन, रिफंड और मॉडिफिकेशन पॉलिसी क्या है। फ्री कैंसिलेशन की आखिरी तारीख और उसके बाद काटे जाने वाले चार्जेज के बारे में आपको पता होना चाहिए।
अगर आपको वाई-फाई, ब्रेकफास्ट, पार्किंग, रूम सर्विस, स्विमिंग पुल या किसी खास सुविधा की जरूरत है, तो बुकिंग से पहले इसकी पुष्टि कर लें। वेबसाइट पर सुविधा लिखी होने का मतलब हमेशा यह नहीं होता कि वह आपकी जरूरत के अनुसार उपलब्ध होगी।
होटल पहुंचने के बाद कमरे का डोर लॉक, इमरजेंसी एग्जिट और वॉशरुम व आसपास की व्यवस्था जरूर देखें। कमरे में अगर कोई भी असामान्य चीज नजर आएं, जैसे कोई छुपा हुआ कैमरा, तो होटल स्टाफ को तुरंत बताएं और जरूरत पड़ने पर कमरा बदलने की मांग करें।
होटल चेक-इन के समय पूछ लें कि वाई-फाई पासवर्ड, ब्रेकफास्ट टाइमिंग, चेक आउट टाइम, रूम सर्विस और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट जैसी जानकारियों के बारे में। अपने जरूरी सामान को कमरे में एक तय जगह पर रखने की आदत भी बनाएं, ताकि होटल छोड़ते समय चार्जर, ज्वेलरी या डॉक्यूमेंट जैसी चीजें पीछे न छूट जाएं।