

Peanut Butter Khane Ke Fayde: जिस प्रकार मूंगफली शरीर के लिए फायदेमंद है, वैसे ही मूंगफली से बना पीनट बटर भी शरीर को प्रोटीन देता है। इसमें प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, वसा, फाइबर, विटामिन बी और ई के साथ-साथ मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, पोटैशियम, आयरन, कैल्शियम, जिंक जैसे खनिज तत्व भी पाए जाते हैं।
इसके अलावा पीनट बटर में एंटीऑक्सीडेंट्स भी मौजूद होते हैं, जो शरीर को रोगों से लड़ने में मदद करते हैं। हाल ही में यह सामने आया है कि रोजाना एक चम्मच पीनट बटर खाने से कई बीमारियों का खतरा कम हो सकता है।
पीनट बटर में पाए जाने वाले हेल्दी फैट्स यानी मोनोअनसैचुरेटेड और पॉलीअनसैचुरेटेड जैसे फैट्स मौजूद होते हैं, जो दिल के लिए लाभकारी होते हैं। यह बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करते हैं और गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ावा देते है, जिससे हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा काफी हद कम हो जाता है।
डायबिटीज आज एक मुख्य समस्या बनकर उभर रही है, जिसमें पीनट बटर काफी लाभदायी सिद्ध हो सकता है। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत लो होता है, जिससे यह ब्लड शुगर को तेजी से नहीं बढ़ाता। वहीं फाइबर और प्रोटीन की अच्छी मात्रा होने से यह इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर बनाता है और टाइप-2 डायबिटीज के खतरे को कम करता है।
पीनट बटर में पाया जाने वाला प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती है। इसी वजह से वजन नियंत्रण में मदद मिलती है। जो लोग अपना वजन कम करना चाहते हैं उनके लिए पीनट बटर का सेवन लाभदायक साबित हो सकता है।
कई शोध से पता चलता है कि पीनट बटर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे रेसवेराट्रॉल और फाइटोस्टेरॉल शरीर में कैंसर कोशिकाओं के विकास को रोकने में मददगार साबित होते हैं। यह ब्रेस्ट और कोलन कैंसर के खतरे को भी कम करते हैं और लंबा जीवन जीने में मदद करते हैं।
पीनट बटर में मैग्नीशियम और फॉस्फोरस जैसे खनिज तत्व शामिल होते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में सहायक होते हैं। इसके नियमित सेवन से हड्डियों की कमजोरी और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याएं दूर रह सकती हैं।
जिन लोगों को मूंगफली से एलर्जी है, उनकी सेहत के लिए पीनट बटर नुकसानदायक है। ऐसे लोगों को पीनट बटर खाने से त्वचा पर लाल चकत्ते, खुजली या सांस लेने में परेशानी हो सकती है। पीनट बटर में कैलोरी हाई होती है। इसलिए इसके अधिक सेवन से शरीर को नुकसान हो सकता है। इसलिए पीनट बटर का सेवन दो चम्मच से अधिक नहीं किया जाना चाहिए।
बाजार में मिलने वाला हर पीनट बटर हेल्दी नहीं होता है। कई ब्रांड्स इसमें ज्यादा चीनी, नमक और पाम ऑयल मिला देते हैं। अगर आप पीनट बटर खाना चाहते हैं तो नेचुरल पीनट बटर चुनें, जिसमें सिर्फ मूंगफली और थोड़ा नमक हो।
अगर आप पीनट बटर सही मात्रा में और सही ब्रांड का खाते हैं, तो यह हेल्दी स्नैक की तरह काम करेगा। यह प्रोटीन, हेल्दी फैट्स और न्यूट्रिएंट्स से भरपूर है, लेकिन इसके अधिक सेवन से वजन बढ़ सकता है।
जिम जाने वालों में पीनट बटर बेहद लोकप्रिय है। यह प्रदर्शन को बेहतर बनाने और वर्कआउट के बाद रिकवरी में मदद करता है। प्लांट-बेस्ड प्रोटीन से भरपूर इस सुपरफूड को वर्कआउट से पहले लेने से ऊर्जा बनी रहती है। इसमें मौजूद प्रोटीन और अमीनो एसिड मांसपेशियों की रिकवरी और बिल्डिंग में मदद करते हैं।