

गुरु नानक देव जी ने ईमानदारी से मेहनत करने, अपनी कमाई से जरूरतमंदों की मदद करने और दूसरों के साथ मिल-बांटकर खाने की शिक्षा दी।
उनकी शिक्षा में जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी इंसानों को बराबर समझने का संदेश मिलता है।
नाम जपना, सेवा करना और अहंकार से दूर रहना जैसी सीख आज भी बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं।
Guru Nanak Dev Ji Teachings: गुरु नानक देव जी सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु माने जाते है। उनका जन्म 1469 में तलवंडी में हुआ था। उन्होंने समाज को अंधविश्वास, भेदभाव और झूठे आडंबर से दूर रहने का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं केवल धार्मिक जीवन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजमर्रा के व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारियों से भी जुड़ी हैं।
गुरु नानक देव जी ने ईश्वर के नाम का स्मरण करने पर जोर दिया। इसका अर्थ केवल पूजा-पाठ करना नहीं, बल्कि अपने मन को शांत, सकारात्मक और अच्छे विचारों से जोड़ना है। रोजाना कुछ समय ध्यान, प्रार्थना या ईश्वर का नाम जपते हुए बिताने से मन को शांत और स्थिर रखने में मदद मिलती है।
गुरु नानक देव जी की प्रमुख शिक्षाओं में से एक है इंसान को अपनी आजीविका ईमानदारी और मेहनत से कमानी चाहिए। गलत तरीकों से धन कमाने की कोशिश करने की बजाय अपने काम के प्रति जिम्मेदार और सच्चा रहना चाहिए। यह सीख आज के समय में भी काम और जीवन में ईमानदारी का महत्व समझाती है।
गुरु नानक देव जी ने अपनी कमाई और अपने भोजन को दूसरों के साथ बांटने की प्रेरणा दी। इसका मतलब है अपनी खुशियों और अपने पास मौजूद संसाधनों में से जरूरतमंदों को भी कुछ हिस्सा बांटे। किसी भूखे को भोजन कराना या जरूरतमंद की सहायता करना भी सबाब का काम होता है और यह जीवन को बेहतर बनाता है।
गुरु नानक देव जी ने जाति, धर्म, लिंग और सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव का विरोध किया। उनकी शिक्षाओं का संदेश है कि सभी इंसान समान हैं और हर किसी के साथ सम्मान से व्यवहार किया जाना चाहिए। किसी को छोटा या बड़ा समझना सही नहीं है।
गुरु नानक देव जी ने इंसान को घमंड और अहंकार छोड़कर विनम्रता अपनाने की सीख दी। किसी व्यक्ति का पद, पैसा, सुंदरता या सफलता के कारण दूसरों को कमतर समझना रिश्तों में दूरी पैदा करता है। विनम्र व्यवहार ही इंसान को दूसरों के करीब लाता है।
दूसरों की मदद करना और बिना किसी स्वार्थ के सेवा करना उनकी शिक्षाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सेवा केवल धन से नहीं होती। किसी जरूरतमंद को भोजन देना, बुजुर्गों की सहायता करना या किसी परेशान व्यक्ति की बात सुनना भी सेवा का ही रूप हैं। गुरुद्वारों में लंगर और सेवा की परंपरा इसी भावना से आज भी चल रही है।
गुरु नानक देव जी ने सत्य और अच्छे आचरण को महत्व दिया। केवल अच्छी बातें करना काफी नहीं, बल्कि अपने व्यवहार में भी सच्चाई और दया का भाव रखना चाहिए। किसी के भी साथ छल न करना, अपने किए वादे निभाना और सही रास्ते पर चलना भी अच्छे कर्म हैं।