

Leftover Sweets Recipes: त्योहार के बाद घर पर मोदक, पेड़े और बर्फी जैसी मिठाइयों का बच जाना आम बात है। रोजाना मीठा खाते-खाते मन भी भर जाता है। कई बार लगातार मिठाई खाने का मन भी नहीं करता और समझ नहीं आता कि बची हुई मिठाइयों का क्या करें। ऐसे में इन्हें फेंकने की बजाय थोड़े से ट्विस्ट के साथ स्वादिष्ट डेजर्ट तैयार किया जा सकता हैं, जो इन मिठाइयों को बिल्कुल नया ट्विस्ट देगी।
आइए जानते हैं बची हुई मिठाइयों से बनने वाले 3 आसान डेजर्ट, जिन्हें बच्चे और बड़े दोनों पसंद करेंगे।
सामग्री: बचे हुए मोदक और बर्फी, 1 कप ठंडा दूध, 2-3 चम्मच कस्टर्ड पाउडर, थोड़ी सी ड्राईफ्रूट और इलायची।
सबसे पहले मोदक और बर्फी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। एक पैन में दूध गर्म करके उसमें कस्टर्ड पाउडर डालें और लगातार चलाते हुए गाढ़ा होने तक पकाएं। इसे ठंडा होने दें। अब एक गिलास या कांच के कप में पहले मिठाई के टुकड़ों की परत लगाएं। इसके ऊपर कस्टर्ड डालें और फिर दोबारा मिठाई की लेयर बनाएं। ऊपर से कटे हुए बादाम-पिस्ता और इलायची डालें। इसे 20-30 मिनट फ्रिज में रखने के बाद ठंडा परोसें।
सामग्री: 2 पेड़े या बर्फी, 1 गिलास ठंडा दूध, 2-3 बर्फ के टुकड़े, थोड़ा इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे।
पेड़े या बर्फी को छोटे टुकड़ों में तोड़कर ब्लेंडर में डालें। इसमें ठंडा दूध और बर्फ के टुकड़े डालकर अच्छी तरह ब्लेंड करें। अगर मिठाई पहले से बहुत मीठी है तो इसमें चीनी डालने की जरूरत नहीं है। शेक को गिलास में डालें और ऊपर से इलायची पाउडर व कटे हुए मेवे डालकर सर्व करें। चाहें तो ऊपर बचे हुए पेड़े का चूरा भी डाल सकते हैं।
सामग्री: बचे हुए मोदक, पेड़े और बर्फी, 2-3 चम्मच नारियल का बुरादा, कटे हुए मेवे और थोड़ी इलायची।
सबसे पहले सभी मिठाइयों को एक बड़े बर्तन में अच्छी तरह मसल लें। अगर मिश्रण बहुत नरम है तो इसमें थोड़ा डेजिकेटेड कोकोनट या बारीक कटे मेवे मिला दें। अब इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। हाथों पर थोड़ा घी लगाकर इस मिश्रण से छोटे-छोटे लड्डू बना लें। इन्हें नारियल बुरादे या कटे हुए मेवों में रोल करें और 15-20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें।
इन डेजर्ट को बनाने के लिए वही मिठाई इस्तेमाल करें जो खराब न हुई हो। दूध, खोया या क्रीम से बनी मिठाइयां अकसर जल्दी खराब हो जाती है। इन को लंबे समय तक कमरे के तापमान पर रखने के बाद इस्तेमाल न करें। मिठाई में खट्टी गंध, बदला हुआ रंग, फफूंद या स्वाद में बदलाव नजर आए तो उसे इस्तेमाल करने से बचें।