

Healthy Modak For Ganesh Chaturthi: गणेश चतुर्थी के मौके पर बप्पा को तरह-तरह के मोदक भोग स्वरूप अर्पित की जाती है। लेकिन अगर आप सेहत का ख्याल रखने वालों के लिए पारंपरिक मिठाई को थोड़ा हेल्दी ट्विस्ट देना चाहती हैं, तो रागी और गुड़ से बने मोदक जरूर ट्राई करें। इसमें मैदा और रिफाइंड शुगर की जगह रागी, गुड़ और नारियल का इस्तेमाल किया जाता है।
1 कप रागी का आटा
½ कप कद्दूकस किया हुआ गुड़
½ कप ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल
2 बड़े चम्मच देसी घी
1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
जरूरत के अनुसार गुनगुना पानी
सबसे पहले कड़ाही में 2 बड़े चम्मच घी गर्म करें। इसमें रागी का आटा डालकर धीमी से मध्यम आंच पर करीब 3-4 मिनट भूनें। आटे से हल्की खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें।
दूसरी कड़ाही में कद्दूकस किया हुआ गुड़ डालें और उसमें 2-3 बड़े चम्मच पानी डालकर गर्म करें। गुड़ पिघलने के बाद उसे छान लें, ताकि कोई अशुद्धि शेष न रहे।
अब पिघले हुए गुड़ में कद्दूकस किया हुआ नारियल और इलायची पाउडर डालें। दोनों चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
अब भुने हुए रागी के आटे को गुड़-नारियल वाले मिश्रण में डालें। जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। पानी एक साथ ज्यादा न डालें। आप चाहें तो इसमें थोड़े ड्राई फ्रूट मिला सकते हैं।
हाथों पर थोड़ा घी लगाएं और तैयार मिश्रण से छोटे हिस्से लें। इन्हें मोदक के सांचे में भरकर अच्छी तरह दबाएं और सावधानी से बाहर निकालें। सांचा न हो तो हाथ से भी मोदक का आकार दिया जा सकता है।
अगर आपको मोदक नरम पसंद हैं, तो तैयार मोदक को करीब 5-6 मिनट स्टीम कर सकती हैं। इसके बाद इन्हें थोड़ा ठंडा होने दें और बप्पा को भोग लगाएं।
सांचे में मिश्रण चिपकने से बचाने के लिए उसे हल्का घी लगाकर ग्रीस करें।
स्वाद बढ़ाने के लिए मिश्रण में थोड़ा केसर या जायफल मिला सकते है।
गुड़ और खजूर जैसे प्राकृतिक स्वीटनर भी कैलोरी प्रदान करते हैं, इसलिए इन्हें भी संतुलित मात्रा में इस्तेमाल करना चाहिए।
मोदक को छोटे आकार में बनाएं, जिससे परोसने और खाने में आसानी रहे।