Snowfall Trip Tips: पहली बार बर्फीली वादियों में घूमने जा रहे हैं? पैकिंग में न भूलें ये जरूरी सामान

Snowfall Travel Essential: पहली बार स्नोफॉल देखने जा रहे हैं, तो पैकिंग में कोई गलती न करें। थर्मल कपड़े, बूट्स और सनस्क्रीन से लेकर जरूरी दवाइयों तक, जानें बैग में क्या-क्या रखना बनाएगा सफर को आसान।
First time snowfall trip packing checklist.
बर्फबारीफोटो.सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • पहली स्नोफॉल ट्रिप पर ठंड से बचने के लिए थर्मल इनर, स्वेटर और वॉटरप्रूफ जैकेट की तीन लेयर साथ रखें।

  • बर्फ पर फिसलने से बचने के लिए अच्छी ग्रिप वाले स्नो बूट्स और वूलेन मोजे पैक करें।

  • ठंडी हवा और तेज धूप से त्वचा व आंखों को बचाने के लिए सनस्क्रीन, मॉइश्चराइजर और यूवी प्रोटेक्शन सनग्लासेस रखें।

Snow Trip Packing List: बर्फबारी देखना हर किसी की चेकलिस्ट में होता है। पहली बार बर्फ गिरते देखना खूबसूरत सपने जैसा होता है। अगर आप भी दिसंबर-जनवरी में मनाली, गुलमर्ग, औली या शिमला जैसी जगहों पर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो इस एक्सपीरियंस को यादगार बनाने के लिए सही तैयारी भी जरूरी है।

बर्फीली जगहों पर आमतौर पर तापमान कम होता है। ऐसे में सिर्फ एक जैकेट पहन लेना काफी नहीं होता। कपड़ों से लेकर जूते, स्किनकेयर और जरूरी दवाइयों तक, कई ऐसी चीजें हैं जिन्हें पैक करना जरूरी होता है। जानिए पहली स्नोफॉल ट्रिप पर जाने से पहले बैग में क्या-क्या रखना चाहिए।

एक जैकेट नहीं, कपड़ों की तीन लेयर रखें

बर्फीली जगहों पर ठंड से बचने के लिए लेयरिंग एक अच्छा तरीका है। इसमें कपड़ों की तीन लेयर पहनी जाती हैं, जिसे जरूरत के अनुसार उतारा या पहना जा सकता है। सबसे पहले थर्मल इनरवियर पहनें। इसके लिए कॉटन की जगह सिंथेटिक या वूल फैब्रिक चुनें, क्योंकि कॉटन पसीना सोखकर देर तक गीला रह जाता है। इसके ऊपर फ्लीस जैकेट, स्वेटर या हल्की डाउन जैकेट पहनें। सबसे ऊपर वॉटरप्रूफ और विंडप्रूफ जैकेट रखें, ताकि बर्फ और ठंडी हवा से बचे रहें।

थर्मल इनर के कम से कम दो सेट, गर्म टी-शर्ट, स्वेटशर्ट और रात में पहनने के लिए गर्म पायजामा पैक करें। इसके अलावा वॉटरप्रूफ स्नो पैंट रखना न भूलें। सामान्य जींस बर्फ में भीगने के बाद जल्दी नहीं सूखती और ठंड भी बढ़ा देती है।

स्नो बूट्स से लेकर दस्ताने तक, ये चीजें हैं जरूरी

बर्फ पर चलते समय सही जूते पहनना बहुत जरूरी है, वरना ट्रिप का मजा किरकिरा हो सकता है। सामान्य स्पोर्ट्स शूज या कैनवास शूज बर्फ में भीग जाते हैं और फिसलने का खतरा रहता है। इसलिए अच्छी ग्रिप वाले वॉटरप्रूफ स्नो बूट्स चुनें। अगर आपके पास ऐसे जूते नहीं हैं, तो ठंडी जगहों पर रेंटेड बूट्स भी उपलब्ध होते हैं।

इसके साथ ऊनी मोजों के तीन से चार जोड़े रखें, ताकि गीले होने पर उन्हें तुरंत बदला जा सके। हाथों के लिए वॉटरप्रूफ दस्ताने और उनके अंदर पहनने के लिए पतले टचस्क्रीन ग्लव्स रखें। सिर और कान ढकने के लिए बीनी या ऊनी टोपी, जबकि गर्दन को ठंडी हवा से बचाने के लिए मफलर या नेक वॉर्मर पैक करें।

फोन, पावर बैंक और जरूरी डॉक्यूमेंट्स

स्नोफॉल ट्रिप पर तस्वीरें और वीडियो बनाने के लिए फोन सबसे ज्यादा इस्तेमाल होगा, लेकिन ठंड में उसकी बैटरी सामान्य से जल्दी खत्म हो जाती है। इसलिए चार्जर के साथ पावर बैंक रखें। फोन को बाहरी जेब की बजाय जैकेट की अंदरूनी जेब में रखें, ताकि उसे शरीर की गर्मी मिलती रहे।

पहाड़ी इलाकों में नेटवर्क कमजोर होता है। ऐसे में जाने से पहले ऑफलाइन मैप डाउनलोड कर लें। इसके अलावा टॉर्च या हेडलैंप भी साथ रखें। आधार कार्ड या कोई अन्य फोटो आईडी, होटल और टिकट की बुकिंग का स्क्रीनशॉट और कुछ नकद पैसे जरूर रखें। होटल बुकिंग करते समय भी सावधानी बरतें। सोशल मीडिया पर सस्ते होटल के नाम पर पूरा एडवांस देने से पहले आधिकारिक जानकारी, रिव्यू और फोन नंबर की जांच जरूर करें।

First time snowfall trip packing checklist.
खिड़की से दिखेगा जन्नत का नजारा, बर्फीले पहाड़ों से लेकर गहरे समुद्र तक; भारत की 10 सबसे खूबसूरत रेल यात्राएं

स्नोफॉल ट्रिप पर ये गलतियां करने से बचें

सही पैकिंग का मतलब केवल सामान रखना नहीं, बल्कि मौसम के हिसाब से सही चीजें चुनना है। कॉटन जींस, कैनवास शूज, हाई हिल्स सैंडल और हैवी ज्वेलरी जैसी चीजें पैक न करें। बर्फ में चलने के लिए आरामदायक और अच्छी ग्रिप वाले जूते ही चुनें।

ट्रिप का आनंद जरूर लें, लेकिन बंद कमरे में हीटर के साथ अंगीठी या कोयला जलाकर कभी न सोएं। इससे कार्बन मोनोऑक्साइड गैस जमा होती है, जो जानलेवा है।